बीकानेर। कोलायत थाना क्षेत्र के करणपुरा रोड पर माताजी मंदिर के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बैलगाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बैलगाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई तथा उसमें सवार दंपती घायल हो गए। दुर्घटना में महिला दुर्गादेवी को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, बीठनोक निवासी माणकराम पुत्र अमरूराम कुम्हार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 10 नवंबर की शाम वह अपनी पत्नी दुर्गादेवी के साथ खेत से बैलगाड़ी लेकर घर लौट रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे करणपुरा रोड स्थित माताजी मंदिर के पास पहुंचे, तभी बज्जू की तरफ से तेज गति से आ रही स्विफ्ट कार ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बैलगाड़ी के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बैलगाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और दंपती घायल हो गए। हादसे के दौरान बीठनोक निवासी केशूराम मोटरसाइकिल से अपने खेत से आ रहे थे। उन्होंने दुर्घटना देखकर घायलों की मदद के लिए वाहन रोका। इस दौरान दुर्गादेवी का ओढ़ना स्विफ्ट कार में फंस गया था। केशूराम ने उन्हें बाहर निकालकर सहायता करने का प्रयास किया, लेकिन इसी बीच कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।इसके बाद केशूराम ने घायल दंपती को अपनी मोटरसाइकिल से निजी क्लिनिक पहुंचाया। दुर्गादेवी की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बीकानेर रेफर कर दिया। परिजनों ने उन्हें पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया, जहां उनका उपचार जारी है। रिपोर्ट के अनुसार, दुर्गादेवी के सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं माणकराम और बैलगाड़ी में जुता बैल भी घायल हुआ है।माणकराम ने कोलायत थाने में स्विफ्ट कार चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाकर टक्कर मारने की रिपोर्ट दी है। उन्होंने आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और दुर्घटना में शामिल कार जब्त करने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक रोहिताश भारी कर रहे हैं।
दंपती खेत से लौट रहे थे घर, हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार; घायल महिला पीबीएम के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती: तेज रफ्तार कार ने बैलगाड़ी को मारी टक्कर, महिला गंभीर घायल
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे आधिकारिक सोशल चैनल से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण खबर सबसे पहले पाएं।