शुक्रवार, 13 नवम्बर 2026
ताज़ा
फोन पर ठगी का शिकार हुआ युवक भामटसर गांव के पास CNG गैस टैंकर में लीकेज, मची अफरा-तफरी; पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर तैनात एमएस कॉलेज में राष्ट्रीय कार्यशाला के ब्रोशर का विमोचन सफाई व्यवस्था पर फर्म को लेकर महापौर सख्त, आयुक्त से तीन दिन में मांगा जवाब विवाहिता ने मारपीट के आरोप लगाते हुए पति, देवर, सास व ननद के खिलाफ मामला दर्ज

कचरा संग्रहण वाहनों से हुए हादसों और केशवदत्त आचार्य की मौत का किया उल्लेख, फर्म के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश: सफाई व्यवस्था पर फर्म को लेकर महापौर सख्त, आयुक्त से तीन दिन में मांगा जवाब

A Admin
|
13 November 2026, 11:15 AM
शेयर:
सफाई व्यवस्था पर फर्म को  लेकर महापौर सख्त, आयुक्त  से तीन दिन में मांगा जवाब
khaosa

 

बीकानेर। शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था और कचरा संग्रहण करने वाली फर्म की कार्यप्रणाली को लेकर महापौर अनिल कल्ला ने सख्त रुख अपनाया है। महापौर ने नगर निगम आयुक्त के नाम दो अलग-अलग यूओ नोट जारी कर एक ओर सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाली फर्म के खिलाफ की गई कार्रवाई का तीन दिन में ब्यौरा मांगा है, वहीं दूसरी ओर गंगाशहर में नगर निगम का क्षेत्रीय कार्यालय शिवबाड़ी से चांदमल जी बाग के पास निगम की जमीन पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं।हादसों के बाद फर्म की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल महापौर की ओर से जारी सफाई व्यवस्था से संबंधित यूओ नोट में घर-घर कचरा संग्रहण, सॉलिड वेस्ट संग्रहण एवं परिवहन का कार्य कर रही फर्म एसपीएस ट्रैश हैंडलर्स जेवी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।नोट में उल्लेख किया गया है कि टेंडर की शर्तों के अनुसार फर्म को कार्य आवंटित किया गया था, लेकिन निर्धारित शर्तों की पालना नहीं की जा रही है। इस संबंध में फर्म को कई बार मौखिक एवं लिखित रूप से अवगत करवाया गया, इसके बावजूद कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।महापौर ने पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आ रही शिकायतों का भी हवाला दिया है। उन्होंने कहा कि फर्म की लापरवाही के चलते आम नागरिकों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो रहा है।केशवदत्त आचार्य की मौत का भी किया उल्लेख महापौर ने हाल ही में नगर निगम के ऑटो टिपर की टक्कर से घायल हुए सेवानिवृत्त बैंककर्मी केशवदत्त आचार्य की उपचार के दौरान हुई मौत का उल्लेख करते हुए कचरा संग्रहण वाहनों से जुड़े अन्य हादसों पर भी चिंता जताई है।नोट में बताया गया है कि संबंधित फर्म को पहले भी नोटिस जारी कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निगम स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई।महापौर ने आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि तीन दिन के भीतर अपना प्रत्युत्तर प्रस्तुत करें तथा फर्म के विरुद्ध अब तक की गई कानूनी कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा उपलब्ध करवाएं। साथ ही नियमानुसार ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।उल्लेखनीय है कि केशवदत्त आचार्य की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एसपीएस कंपनी के मैनेजर को गिरफ्तार किया है।गंगाशहर क्षेत्रीय कार्यालय अब चांदमल जी बाग के पास होगा महापौर ने दूसरे यूओ नोट में गंगाशहर क्षेत्र में नगर निगम का क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित करने को लेकर निर्देश जारी किए हैं। इसमें 16 अक्टूबर 2026 को महापौर की अध्यक्षता में हुई साधारण सभा की बैठक का हवाला दिया गया है। बैठक में गंगाशहर का क्षेत्रीय कार्यालय शिवबाड़ी के स्थान पर अन्यत्र स्थापित करने का निर्णय लिया गया था।नोट के अनुसार, क्षेत्र के पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने महापौर को अवगत करवाया कि चांदमल जी बाग के पास नगर निगम की जमीन पर पहले से एक कार्यालय कक्ष बना हुआ है। ऐसे में साधारण सभा में सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के अनुरूप इसी स्थान को क्षेत्रीय कार्यालय के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया।महापौर ने आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि चांदमल जी बाग स्थित निगम के कार्यालय कक्ष का निरीक्षण करवाकर उसकी मरम्मत, आवश्यक निर्माण, बिजली, पेयजल सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। इसके बाद उक्त स्थान को गंगाशहर क्षेत्रीय कार्यालय के रूप में आवंटित किया जाए।12 नवंबर को जारी हुए दोनों यूओ नोट महापौर अनिल कल्ला की ओर से दोनों यूओ नोट 12 नवंबर को जारी किए गए हैं। एक नोट के जरिए सफाई व्यवस्था में लापरवाही और कचरा संग्रहण वाहनों से हो रहे हादसों को लेकर निगम प्रशासन की जवाबदेही तय करने की कोशिश की गई है, वहीं दूसरे नोट में गंगाशहर क्षेत्रीय कार्यालय को लेकर साधारण सभा के निर्णय की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अब देखना होगा कि निगम प्रशासन तीन दिन की निर्धारित अवधि में क्या जवाब देता है और संबंधित फर्म के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें

हमारे आधिकारिक सोशल चैनल से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण खबर सबसे पहले पाएं।

इस खबर को शेयर करें:
शेयर करें: