नोखा। नोखा थाना क्षेत्र के भामटसर गांव के पास शुक्रवार दोपहर सीएनजी गैस से भरे एक टैंकर में अचानक गैस लीकेज होने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर मोर्चा संभाल लिया।ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार टैंकर में करीब तीन दर्जन गैस सिलेंडर लोड थे। इसी दौरान अज्ञात कारणों से एक सिलेंडर से गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस लीकेज की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गए।थाना अधिकारी गोविंद सिंह चारण पुलिस जाब्ते एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र में आमजन की आवाजाही बंद करवा दी तथा लोगों को घटनास्थल से सुरक्षित दूरी पर रहने के निर्देश दिए।जानकारी के अनुसार टैंकर में रखे करीब तीन दर्जन सिलेंडरों में से एक सिलेंडर से गैस का रिसाव हुआ था। बताया जा रहा है कि संबंधित सिलेंडर की गैस खाली हो चुकी है। हालांकि सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर तैनात रही।पुलिस की ओर से संबंधित गैस कंपनी के तकनीकी कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि स्थिति का तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। एहतियातन आसपास के क्षेत्र में नाकेबंदी की गई है तथा सड़क पर यातायात भी रोक दिया गया है।गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस एवं प्रशासन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।