बीकानेर। नगर निगम महापौर अनिल कल्ला ने शुक्रवार को बल्लभ गार्डन स्थित डंपिंग यार्ड और टैक्सी-ट्रैक्टर पार्किंग स्टेशन का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने सफाई कंपनी के प्रतिनिधियों और अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान कंपनी सुपरवाइजर ने बताया कि कचरा संग्रहण के लिए 177 टिपर उपलब्ध हैं, जिनमें से 115 संचालित हो रहे हैं तथा 15 ब्रेकडाउन हैं। इसके अलावा 72 ट्रैक्टर भी उपलब्ध हैं।
महापौर ने खराब वाहनों को जल्द दुरुस्त करवाने और सभी वाहनों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में नियमित कचरा संग्रहण और सफाई व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए। शहर की स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।