, नोखा। नोखा के बागड़ी शिव मंदिर में मायरे के कार्यक्रम के दौरान चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। भांजी का मायरा भरने आए परिवार का करीब 4 लाख रुपये नकद से भरा बैग महज सात मिनट में चोरी हो गया। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें एक किशोर बैग ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है।जानकारी के अनुसार मालचंद और मनोज कुमार जोशी अपनी भांजी का मायरा भरने के लिए नोखा आए थे। बागड़ी शिव मंदिर में मायरे की रस्में चल रही थीं और परिवार के सदस्य कार्यक्रम में व्यस्त थे। इसी दौरान उनका एक बैग, जिसमें करीब 4 लाख रुपये नकद रखे हुए थे, चोर लेकर फरार हो गया।बताया जा रहा है कि मंदिर में भीड़ का फायदा उठाते हुए आरोपी ने महज सात मिनट में वारदात को अंजाम दिया। जब परिजनों को बैग गायब होने का पता चला तो मौके पर हडक़ंप मच गया।घटना के बाद मंदिर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें करीब 12-13 साल का एक किशोर बैग उठाकर ले जाता हुआ नजर आया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किशोर अकेला था या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे।परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर किशोर की पहचान और बैग की तलाश में जुटी है। मायरे जैसे शुभ अवसर पर हुई इस वारदात से परिवार में मायूसी छा गई है। परिजनों ने पुलिस से जल्द आरोपी को पकडक़र नकदी बरामद करने की मांग की है।