बीकानेर। नेशनल हाईवे पर कालू मोड़ तिराहे स्थित अणुव्रत सर्किल पर तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि 18 नवंबर की रात अज्ञात लोगों ने सर्किल की भूमि पर अवैध रूप से प्रवेश कर वहां लगे नीम के पेड़ों को तोड़ दिया तथा तारबंदी और बोर्ड को क्षतिग्रस्त कर चोरी कर लिया। घटना के बाद अणुव्रत समिति के सदस्यों सहित जैन समाज के लोगों में भारी रोष है। समिति ने पुलिस से आरोपियों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।अणुव्रत समिति के मंत्री एडवोकेट रणवीरसिंह खिची की ओर से परिवाद दिए जाने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई आवड़दान को सौंपी गई है।परिवाद के अनुसार, अणुव्रत समिति की ओर से पिछले करीब दो दशकों से सर्किल की भूमि पर बोर्ड लगवाने, चारदीवारी, तारबंदी, मिट्टी भराव और पौधारोपण सहित देखरेख के कार्य करवाए जा रहे हैं। आरोप है कि 18 नवंबर की रात करीब 3:30 बजे अज्ञात लोग ट्रैक्टर और लोडर लेकर सर्किल की भूमि में घुसे और वहां लगाए गए नीम के पेड़ों को तोड़ दिया। इसके अलावा सर्किल पर लगी तारबंदी और बोर्ड भी तोड़कर चोरी कर ले गए।घटना की जानकारी मिलने के बाद अणुव्रत समिति के सदस्यों और जैन समाज के लोगों में नाराजगी फैल गई। लोगों ने इस घटना पर रोष जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।गौरतलब है कि कुछ ही समय बाद आचार्यश्री महाश्रमण का श्रीडूंगरगढ़ प्रवास प्रस्तावित है। ऐसे में उनके प्रवास से पहले अणुव्रत सर्किल पर हुई इस घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है।थानाधिकारी कश्यप सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग निकलवाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी
नीम के पेड़ों पर चला ट्रैक्टर-लोडर, तारबंदी व बोर्ड भी गायब: ट्रैक्टर और लोडर से नीम के पेड़ तोड़ने, तारबंदी व बोर्ड चोरी करने का आरोप; अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे आधिकारिक सोशल चैनल से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण खबर सबसे पहले पाएं।