बीकानेर। पुलिस अनुसंधान से जुड़े गोपनीय दस्तावेज चोरी कर उनमें कांटछांट करने और न्यायालय में उपयोग करने का मामला सामने आया है। मामला पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज कार्यालय से जुड़ा है। इस संबंध में बीछवाल थाने में परिवाद पेश किया गया है। ध्रुव रिणवा ने प्रमोद रेवाड़, कृष्ण कुमार, सुनीता रेवाड़ सहित अन्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने परिवाद के आधार पर जांच शुरू कर दी है।परिवाद में आरोप लगाया गया है कि पुलिस अनुसंधान से संबंधित एक गोपनीय आदेश की प्रति पुलिस अभिरक्षा से अनधिकृत रूप से प्राप्त की गई और बाद में उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। परिवाद के अनुसार, हनुमानगढ़ साइबर पुलिस थाने में अनमोल कंस्ट्रक्शन कंपनी, कृष्ण कुमार सहित अन्य के खिलाफ 8 मई 2025 को एफआईआर दर्ज की गई थी।इस मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज की ओर से 11 अगस्त 2026 को एक आदेश जारी कर पुलिस अधिकारियों की कमेटी गठित की गई थी। कमेटी को लंबित रिट याचिका में जवाब प्रस्तुत करने के लिए अनुसंधान में सहयोग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।परिवाद में आरोप है कि पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय का यह आदेश अनुसंधान से संबंधित गोपनीय दस्तावेज था। आरोप के मुताबिक, प्रमोद रेवाड़ ने आदेश की फोटो प्रति स्वयं प्रमाणित कर राजस्थान हाईकोर्ट, जोधपुर में एसबी क्रिमिनल मिसलेनियस मामले में प्रस्तुत कर दी।इस संबंध में बीछवाल पुलिस का कहना है कि परिवाद प्राप्त हुआ है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही दस्तावेजों की प्राप्ति और उनके न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस अभिरक्षा से आदेश की प्रति अनधिकृत रूप से हासिल कर हाईकोर्ट में पेश करने का आरोप: पुलिस अनुसंधान से जुड़े गोपनीय दस्तावेज चोरी होने का आरोप, जांच शुरू
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे आधिकारिक सोशल चैनल से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण खबर सबसे पहले पाएं।