बीकानेर। जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में चोरी की दो घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अज्ञात चोरों ने अलग-अलग दिनों में दो मकानों में घुसकर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदातों के सामने आने के बाद पीड़ितों ने लूणकरणसर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामले दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चोरी की पहली घटना सेक्टर नंबर-4 की है। यहां रहने वाले प्रेमप्रकाश पुत्र ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया कि 18 नवंबर को अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुसे और करीब 80 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए।इसी तरह दूसरी घटना वार्ड नंबर-35 में सामने आई। यहां की निवासी वीरपाल कौर पत्नी प्रमजीत सिंह ने रिपोर्ट में बताया कि 14 नवंबर को अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया। चोर घर से डेढ़ लाख रुपये नकद और करीब 90 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।लगातार सामने आई इन दोनों घटनाओं को लेकर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस अब घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। साथ ही संदिग्धों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।