बीकानेर। जिले के कोलायत थाना क्षेत्र में खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से एक महिला की मौत हो गई। महिला खेत में काम करने गई थी। घटना के बाद कोलायत पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मंडाल चारणान निवासी बंशीलाल पुत्र पूराराम रावत मेघवाल ने रिपोर्ट दी कि 11 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे उसकी मां पार्वती पत्नी पूराराम खेत में काम करने गई थीं।बताया गया कि काम के दौरान प्यास लगने पर पार्वती खेत में बनी पानी की डिग्गी से पानी पीने गई थीं। आशंका है कि इसी दौरान पैर फिसलने से वह डिग्गी में गिर गईं और डूबने से उनकी मौत हो गई। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने पर वे पार्वती को तत्काल पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कोलायत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। फिलहाल मर्ग दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।