बीकानेर। राजकीय महाविद्यालय, गंगाशहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। महाविद्यालय परिसर में लगातार हो रही तोडफ़ोड़, असामाजिक तत्वों की आवाजाही और आसपास खुलेआम नशाखोरी की गतिविधियों से शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। स्थिति यह है कि महाविद्यालय प्रशासन की ओर से कई बार पुलिस को शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। आखिरकार अब प्राचार्य ने पुलिस अधीक्षक, बीकानेर को पत्र लिखकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार मुरली मनोहर मैदान, भीनासर में रात 8 से 12 बजे तक नशेडिय़ों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है।मैदान में शराब, एमडी और स्मैक जैसे नशीले पदार्थों की बिक्री एवं सेवन होने की शिकायत है। मैदान में अंधेरा रहने के कारण असामाजिक तत्वों को अपनी गतिविधियां संचालित करने का अवसर मिलता है। इन तत्वों द्वारा महाविद्यालय की चारदीवारी फांदकर परिसर में प्रवेश किया जाता है। परिसर में लगे नल तोडऩा, पानी के नल खुले छोड़ देना, गुटखे की पीक फैलाना और शराब की बोतलें छोडऩा जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे महाविद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
सरकारी महाविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल, पुलिस को शिकायत करने के बाद भी नहीं हुई कोई कार्यवाही
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे आधिकारिक सोशल चैनल से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण खबर सबसे पहले पाएं।