बीकानेर। युवक का रास्ता रोककर मारपीट का मामला सामने आया है। इस संबंध में मामला दर्ज करवाया गया है। जानकारी के अनुसार घटना व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र की है। जहां तीन नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की और बाइक व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। बदमाश युवक को बेहोशी की हालत में मेडिकल चौराहे के पास छोडक़र भाग निकले। रिपोर्ट के अनुसार जयपुर रोड स्थित मातेश्वरी कॉलोनी निवासी दिनेश शर्मा ने बताया कि उनके यहां पिछले छह साल से काम करने वाला कर्मचारी हरीश वर्मा सोमवार रात करीब 9:15 बजे व्यास कॉलोनी में एक व्यक्ति के लिए खाना लेने गया था। रात करीब 9:45 बजे खाना लेकर लौटते समय वह हेमू सर्किल से सांगलपुरा की तरफ जा रहा था।इसी दौरान नवग्रह मंदिर के पास पीछे से बाइक पर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद बदमाश हरीश को जबरन अपनी बाइक पर ले गए और मेडिकल चौराहे के पास बेहोशी की हालत में छोडक़र उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल लेकर फरार हो गए।रात करीब 12:45 बजे किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से फोन आने पर परिजनों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद घायल हरीश को अस्पताल पहुंचाया गया।