बीकानेर। सनातन धर्म रक्षा समिति बीकानेर द्वारा छोटी काशी बीकानेर की पावन धरा पर आगामी 11 से 17 मार्च 2027 तक अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा जी की मधुर वाणी में भव्य श्री शिवमहापुराण कथा एवं 5151 कुण्डीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को लेकर समिति ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।आयोजन की तैयारियों के संबंध में आज सनातन धर्म रक्षा समिति बीकानेर के संस्थापक सुरेन्द्र सिंह राजपुरोहित, हिन्दू जागरण मंच के एडवोकेट शैलेश गुप्ता, गोपाल भादाणी, अमर सिंह रावत, नरेंद्र सिंह, सुनील वर्मा एवं भागीरथ मल कुमावत सहित अन्य सदस्यों ने सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज ग्राउंड एवं पोलो टेक्निकल कॉलेज ग्राउंड का निरीक्षण किया। इन दोनों स्थानों में से किसी एक स्थान पर भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा।समिति द्वारा 13 नवंबर शुक्रवार को शाम 4 बजे मोहता भवन में बैठक एवं मुख्य कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा। आयोजन से संबंधित सभी गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का मुख्य कार्यालय मोहता भवन ही रहेगा।समिति के गोपाल भादाणी ने बताया कि 5151 कुण्डीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ में बैठने वाले यजमानों के पंजीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। यजमान बनने के इच्छुक श्रद्धालुओं को पति-पत्नी दोनों के आधार कार्ड एवं एक-एक पासपोर्ट साइज फोटो जमा करवानी होगी। समिति द्वारा प्रथम 551 पंजीकरण करवाने वाले यजमानों को 21 रुद्राक्ष मोतियों की चांदी से जड़ित विशेष माला भेंट की जाएगी, जिसे सवा लाख रुद्री से अभिमंत्रित किया जाएगा।वहीं प्रधान कुंड में बैठने वाले मुख्य यजमान को 21 रुद्राक्ष मोतियों की स्वर्ण जड़ित माला तथा सह यजमान को 11 रुद्राक्ष मोतियों की स्वर्ण जड़ित माला भेंट की जाएगी। यज्ञ के लिए यजमान पंजीकरण की अंतिम तिथि 24 जनवरी निर्धारित की गई है। पंजीकरण के आधार पर ही यज्ञशाला का निर्माण एवं कुंडों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।इस आयोजन की एक विशेष पहल के रूप में सनातन धर्म रक्षा समिति द्वारा कथा के निमंत्रण के साथ 21 हजार रुद्राक्ष के पौधों का वितरण भी किया जाएगा, जिससे धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सके।समिति के अनुसार इस भव्य आयोजन में दो शंकराचार्य सहित देशभर के अनेक संत-महात्मा, महामंडलेश्वर एवं आचार्य शामिल होंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर धार्मिक, सामाजिक एवं व्यवस्थागत तैयारियां की जा रही हैं।यज्ञ में यजमान बनने, कथा में पुरुष एवं महिला कार्यकर्ता के रूप में सेवा देने तथा मुख्य यजमान बनने के इच्छुक श्रद्धालु सनातन धर्म रक्षा समिति बीकानेर के मुख्य कार्यालय मोहता भवन में पहुंचकर अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं।आयोजन की संपूर्ण व्यवस्थाओं एवं जिम्मेदारियों के सुचारू संचालन हेतु समिति द्वारा 11 सदस्यों की एक विशेष टीम गठित की गई है। इसमें नरेंद्र कुमार गहलोत, अमर सिंह रावत, गोपाल भादाणी, पिंकी शर्मा, महिला अध्यक्ष जयश्री भाटी, हेमंत देराश्री, शिव भादाणी, भुवनेश कुमार नागल, भागीरथ मल कुमावत, सुनील वर्मा एवं सपना तिवाड़ी को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।समिति के संस्थापक सुरेन्द्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि यह आयोजन बीकानेर के धार्मिक एवं सांस्कृतिक इतिहास में एक विशेष पहचान स्थापित करेगा। समिति का प्रयास है कि देशभर के संतों, श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों की सहभागिता से इस भव्य आयोजन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाया जाए।