बीकानेर। जिले के दंतोर थाना इलाके में सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना कितना महंगा पड़ सकता है, इसका एक मामला दंतौर थाना क्षेत्र में सामने आया है। फेसबुक पर विदेशी महिला के नाम से बनाई गई आईडी के जरिए एक व्यक्ति को कथित तौर पर पार्सल भेजने का झांसा देकर 1 लाख 40 हजार 500 रुपये की ठगी कर ली गई।पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, परिवादी ईश्वरदान पुत्र भगवानदान, निवासी पार्वती तलाई, तहसील पूगल, जिला बीकानेर ने बताया कि करीब 15 दिन पहले फेसबुक पर आईडी से उसके पास मैसेज आया था। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई।परिवादी के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को उक्त फेसबुक आईडी से मैसेज कर बताया गया कि उसके लिए विदेश से जींस, टी-शर्ट, जूते, परफ्यूम, जैकेट, रोलेक्स घड़ी, सोने की चेन और आईफोन 14 प्रो मैक्स सहित अन्य सामान का पार्सल भेजा गया है। पार्सल दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर कस्टम एवं अन्य शुल्क जमा करवाने के नाम पर अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन आने लगे। रिपोर्ट में बताया गया कि 24 अक्टूबर को पार्सल किराये के नाम पर 25,500 रुपये जमा करवाए गए। इसके बाद 98 हजार रुपये की मांग की गई, जिसमें परिवादी ने अलग-अलग किश्तों में 5,000, 93,000, 7,000 और 10,000 रुपये जमा करवाए। इस प्रकार कुल 1 लाख 40 हजार 500 रुपये बताए गए बैंक खाते में जमा करवा दिए। इसके बाद जब परिवादी ने अपने सामान का पार्सल भेजने को कहा तो कथित आरोपियों ने पार्सल नहीं भेजा और मोबाइल फोन बंद कर लिया। परिवादी को अपने साथ धोखाधड़ी होने का पता चलने पर उसने दंतौर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।
पुलिस ने परिवादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस अधिकारी सुनील कुमार को सौंपी गई है।