बुधवार, 21 अक्टूबर 2026
ताज़ा
बीकानेर में पहली बार एक छत के नीचे होंगी पांच कथाएं, 22 दिसम्बर से पंच पावन कथा महोत्सव जनेश्वर भवन में पुष्करणा महिला स्वरोजगार मेला, पूर्व मंत्री डॉ. कल्ला ने किया अवलोकन वार्ड 73 में दीपक पारीक के समर्थन में उतरे बबलू पीर, बोले—दीपक हमारे भाई हैं एलन बीकानेर का परचम : राेहित सहारण ने ऑल इंडिया रैंक के साथ पहली और चित्रांश दाधीच ने दूसरी सिटी रैंक की हासिल  FIFA World cup: नॉर्वे से हार के बाद नेमार ने कहा अलविदा, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को कहा विदा

वृंदावन की ब्रज मंडली करेगी रासलीला, कलश यात्रा से होगा आगाज; पोस्टर का विमोचन: बीकानेर में पहली बार एक छत के नीचे होंगी पांच कथाएं, 22 दिसम्बर से पंच पावन कथा महोत्सव

A Admin
|
20 October 2026, 11:45 AM
शेयर:
बीकानेर में पहली बार एक छत के नीचे होंगी पांच कथाएं, 22 दिसम्बर से पंच पावन कथा महोत्सव

बीकानेर। शहर में पहली बार एक ही छत के नीचे पांच अलग-अलग कथाओं का वाचन होगा। 11 दिवसीय इस भव्य आयोजन के पोस्टर का विमोचन मंगलवार को बाहेती भवन में पं. जुगल किशोर ओझा (पुजारी बाबा), व्यवसायी जगतनारायण कल्ला, कन्हैयालाल जोशी और राजेश चूरा ने किया। आयोजन सेवन स्टार फाउण्डेशन और सनातन मित्रमंडल के तत्वावधान में ओझा सत्संग भवन-2 में होगा।

फाउण्डेशन के सीए महेन्द्र चूरा ने बताया कि 22 से 31 दिसम्बर तक दोपहर 12.15 से 5.15 बजे तक अलग-अलग पंडितों द्वारा कथाओं का वाचन होगा। 22 व 23 दिसम्बर को पं. श्रीगोपाल नारायण व्यास श्रीमद् देवी भागवत कथा, 24 व 25 दिसम्बर को पं. आशाराम व्यास शिव महापुराण कथा, 26 व 27 दिसम्बर को पं. संजय व्यास श्रीराम कथा, 28 व 29 दिसम्बर को कलकत्ता वाले पं. लक्ष्मीकांत व्यास बाबा रामदेव चरित कथा तथा 30 व 31 दिसम्बर को पं. मुरली मनोहर व्यास श्रीमद् भागवत कथा सुनाएंगे। इसके अलावा 23 से 30 दिसम्बर तक सायं 7 से 10 बजे तक वृंदावन की ब्रज मंडली रासलीला का मंचन करेगी।

कलश यात्रा और सुंदरकांड पाठ

महोत्सव का आगाज कलश यात्रा से होगा, जो दम्माणी चौक स्थित बड़ा गोपाल मंदिर से रवाना होकर मूंदड़ा चौक, हर्षों का चौक, रत्ताणी व्यासों का चौक, सदाफते, बारह गुवाड़ और नत्थूसर गेट होते हुए ओझा सत्संग भवन पहुंचेगी। मार्ग में जगह-जगह स्वागत होगा। यात्रा के बाद शाम 6 बजे बीकानेर मानस परिवार की ओर से संगीतमय सुंदरकांड पाठ होगा, जिसकी पूर्णाहुति पर पूनरासर हनुमान मंदिर परिवार महाआरती करेगा।

साधु-संतों का सानिध्य

महोत्सव में काशी करपात्री धाम के सर्वेश्वरानंद महाराज, सागर आश्रम के श्रीधरानंद सरस्वती महाराज, श्री नवलेश्वर मठ के शिव सत्यनाथ महाराज, राष्ट्रीय संत सरजूदास महाराज, शिवबाड़ी मंदिर के विमर्शानंद महाराज, गायत्री पीठ सागर के रामेश्वरानंद महाराज, मुरली मनोहर धोरा के श्यामसुंदर महाराज और बाल संत छैल बिहारी महाराज भी उपस्थित रहेंगे। कथा की पूर्णाहुति के बाद 31 दिसम्बर को महाप्रसादी होगी।

पोस्टर विमोचन के अवसर पर दाऊलाल व्यास, बृजराज जोशी, बुलाकीदास व्यास, गोविन्दनारायण चूरा, श्याम सुंदर व्यास, महीधर नारायण पुरोहित, कुनाल डागा, निर्मल कुमार दम्माणी, देवकिशन चांडक, गोरधन बिन्नाणी, पं. सुशील किराडू, पं. अशोक किराडू, वीरेन्द्र किराडू सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें

हमारे आधिकारिक सोशल चैनल से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण खबर सबसे पहले पाएं।

इस खबर को शेयर करें:
शेयर करें: