बीकानेर। मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र के बंगला नगर में पटाखे छोडऩे की बात को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि पटाखों की चिंगारियां महिला पर गिरने का विरोध करने पर पड़ोसियों ने महिला और उसकी बेटी के साथ झगड़ा व मारपीट की। इस दौरान बेटी की स्कूटी भी तोड़ दी गई और उसे धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उसके हाथ में चोटें आईं।पुलिस को दी रिपोर्ट में मनोहरी देवी सुथार निवासी रामदेव मंदिर के पास, बंगला नगर ने बताया कि उनका पड़ोसी भंवरलाल सुथार आए दिन छोटी-छोटी बातों को लेकर उनके परिवार से झगड़ा करता है। इस संबंध में पहले भी दो-तीन बार थाने में शिकायत दी जा चुकी है।रिपोर्ट के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को शाम करीब 7:30 बजे पड़ोस में रहने वाली भगवती, उषा, सोलानी, टिमटिम और भंवरलाल की पत्नी आशा देवी ने उसके और उसकी बेटी प्रभा के साथ विवाद किया। आरोप है कि भंवरलाल के परिवार के लोग गली में पटाखे छोड़ रहे थे, जिनकी चिंगारियां मनोहरी देवी पर आकर गिरीं। विरोध करने पर आरोपियों ने झगड़ा शुरू कर दिया। इस दौरान प्रभा की स्कूटी तोड़ दी और उसे धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उसके हाथ में चोटें आईं।परिवादिया ने आरोप लगाया कि आरोपी परिवार को धमकियां भी दे रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल सतीश कुमार को सौंपी गई है।