बीकानेर। बीकानेर मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, न्यायाधीश प्रमोद बंसल ने सडक़ दुर्घटना में दलपत सिंह की मृत्यु के मामले में मृतक के परिजनों के पक्ष में कुल 17,40,800 रुपये का मुआवजा अवार्ड पारित किया है। अधिकरण ने वाहन चालक, वाहन मालिक और बीमा कंपनी को संयुक्त अथवा पृथक रूप से मुआवजा अदा करने के लिए उत्तरदायी ठहराया है।प्रकरण के अनुसार सात अक्टूबर 2023 को दलपत सिंह अपने भाई छोटू सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बीकामपुर से नोख स्थित सोलर पावर प्लांट में सिक्योरिटी ड्यूटी के लिए जा रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे आर्मी टावर से लगभग 2-3 किलोमीटर आगे नोख की तरफ बोलेरो कैंपर के चालक प्रदीप कुमार ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में दलपत सिंह की गंभीर चोटों के कारण मृत्यु हो गई।मृतक के परिजनों ने अधिकरण के समक्ष दावा याचिका पेश कर मुआवजे की मांग की। बीमा कंपनी ने वाहन के चालक के लाइसेंस, परमिट और फिटनेस सहित विभिन्न आधारों पर अपनी जिम्मेदारी से इनकार किया। वहीं वाहन चालक पक्ष ने दुर्घटना में अपनी गलती नहीं होने का तर्क दिया।मामले में दोनों पक्षों के साक्ष्य और दस्तावेजों का अवलोकन करने के बाद अधिकरण ने दावा याचिका स्वीकार करते हुए कुल 17,40,800 रुपये का मुआवजा निर्धारित किया।अधिकरण के आदेशानुसार मृतक की पत्नी ममता कंवर को 2,40,800 रुपये बचत खाते में ब्याज सहित तथा एक लाख रुपये की एफडी के साथ कुल 3,40,800 रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा मृतक के चार बच्चों के नाम भी अलग-अलग एक लाख रुपये की एफडी तथा निर्धारित अवधि के अनुसार अतिरिक्त राशि जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। नाबालिग बच्चों की राशि उनके बालिग होने तक सुरक्षित रहेगी। अधिकरण ने शेष मुआवजा राशि पर दावा याचिका प्रस्तुत करने की तारीख 13 दिसंबर 2023 से सात प्रतिशत वार्षिक साधारण ब्याज देने के आदेश दिए हैं। मृतक के परिवार की ओर से पैरवी अधिवक्ता ओमप्रकाश आचार्य ने की।