नोखा। नोखा क्षेत्र में पांचू रोड पर देर रात तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन के कारण सड़क हादसा हो गया। केशूपुरा बस स्टैंड के पास एक वाहन ने आगे चल रही दो गाड़ियों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक वाहन सड़क पर पलट गया, जबकि उसमें सवार एक युवक घायल हो गया।जानकारी के अनुसार, देर रात तेज गति से आ रहा एक अनियंत्रित वाहन आगे चल रही दो गाड़ियों से टकरा गया। टक्कर के बाद एक वाहन पलट गया और उसमें सवार युवक वाहन के अंदर फंस गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर वाहन में फंसे युवक को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान समाजसेवी हरिराम बिश्नोई ने भी घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में से एक पर सरपंच पद के प्रत्याशी के प्रचार का बैनर लगा हुआ था। हालांकि हादसे में शामिल वाहनों और उनके सवारों की पहचान तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।