बज्जू। बज्जू थाना क्षेत्र के चक 13 पीएसडी में पत्नी को लेने ससुराल गए एक युवक के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित ने ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर उसे कमरे में बंद कर लाठी-कुल्हाड़ी से हमला करने, दोनों पैर तोड़ने, नकदी छीनने और मोबाइल तोड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी को लेने गया था ससुराल
बज्जू थाने के कार्यवाहक थानाधिकारी नैनूसिंह के अनुसार, मूल निवासी सुरपुरा (तहसील नोखा) और हाल चक 17 पीएसडी निवासी किसान बजरंगलाल पुत्र नारायणराम मेघवाल (30) ने 23 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि वह 22 नवंबर को चक 13 पीएसडी स्थित अपने ससुराल पत्नी को लेने गया था। वहां ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे दिन में खेत में काम करने और शाम को पत्नी को साथ ले जाने की बात कही।शाम को जब वह रवाना होने लगा तो उसे चाय पीकर जाने के लिए कहा गया। आरोप है कि चाय बनने से पहले ही चीरूलाल, अशोक, नैना, ओमप्रकाश और सायरा ने उसे पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया।
कुल्हाड़ी से हमला कर दोनों पैर तोड़ने का आरोप
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसके कपड़े उतारकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और लाठी-कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आरोप है कि चीरूलाल ने कुल्हाड़ी से वार कर उसके दोनों पैर तोड़ दिए, जिससे शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं इस दौरान नैना ने उसकी जेब से चार हजार रुपए निकाल लिए, जबकि अशोक ने उसका मोबाइल फोन जमीन पर पटककर तोड़ दिया। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने घायल युवक की चोटों का मुआयना किया। उसके दोनों पैरों पर अस्पताल की पट्टियां बंधी हुई थीं। परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 126(2), 307 और 189(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।