मंगलवार, 24 नवम्बर 2026
ताज़ा
फिरौती प्रकरण में जब्त मोबाइल लौटाने के निर्देश, कोर्ट ने नयाशहर थानाधिकारी से मांगा जवाब किसान के घर में लगी आग लाखों रुपये का हुआ नुकसान, नगदी जेवरात जलकर हुए राख बीकानेर में दो सडक़ हादसों में तीन जनों की दर्दनाक मौत अंडरब्रिज के पास ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत बाड़े से एल्यूमिनियम का सामान पार, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई चोरी की घटना

25 नवंबर को पेश करनी होगी जब्ती संबंधी जानकारी, मेघराज सोनी ने अधिवक्ता के जरिए लगाई थी गुहार: फिरौती प्रकरण में जब्त मोबाइल लौटाने के निर्देश, कोर्ट ने नयाशहर थानाधिकारी से मांगा जवाब

A Admin
|
24 November 2026, 12:35 PM
शेयर:
फिरौती प्रकरण में जब्त मोबाइल लौटाने के निर्देश, कोर्ट ने नयाशहर थानाधिकारी से मांगा जवाब
khaosa

बीकानेर। शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी से फिरौती के चर्चित मामले में पुलिस द्वारा मेघराज सोनी का मोबाइल फोन जब्त किए जाने को लेकर न्यायालय ने महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। न्यायालय ने नयाशहर थानाधिकारी को मेघराज सोनी का मोबाइल फोन न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मोबाइल जब्ती से जुड़े दस्तावेज और पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्पष्टीकरण भी मांगा है।

 

इस संबंध में तिलक नगर निवासी मेघराज सोनी ने अधिवक्ता अनिल सोनी के जरिए न्यायालय में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था। इस पर न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या एक ने नयाशहर थानाधिकारी को निर्देशित किया कि मोबाइल फोन न्यायालय के समक्ष पेश किया जाए। न्यायालय ने मोबाइल की जब्ती मेमो, जब्ती सूची, केस डायरी में अंकन, मोबाइल अपने कब्जे में रखने के कारण, एफआईआर संख्या, धाराओं और जब्ती की तारीख की जानकारी भी मांगी है।

 

इसके अलावा पुलिस द्वारा मेघराज सोनी को तीन दिनों तक थाने में रोके रखने, मोबाइल फोन को कथित तौर पर विधिवत जब्ती कार्रवाई के बिना कब्जे में रखने तथा मोबाइल मांगने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दिए जाने के आरोपों पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं। इस मामले में न्यायालय ने 25 नवंबर की तारीख तय की है।

 

यह है मामला

 

तिलक नगर निवासी मेघराज सोनी ने न्यायालय में प्रतिवेदन पेश कर बताया कि 29 सितंबर 2026 की रात करीब एक बजे नयाशहर थाना पुलिस के जवान वाहनों से उनके घर पहुंचे। आरोप है कि पुलिसकर्मी बिना किसी सर्च वारंट के उन्हें सोते हुए उठाकर थाने ले गए। अगले दिन उन्हें बताया गया कि जुगल किशोर सोनी फिरौती प्रकरण में पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।मेघराज के अनुसार, उन्हें तीन दिनों तक थाने में रखा गया और एक अक्टूबर को यह कहते हुए घर जाने दिया गया कि उनका मोबाइल फोन अभी नहीं लौटाया जाएगा तथा दो दिन बाद दे दिया जाएगा। हालांकि, उनके मुताबिक आज तक मोबाइल वापस नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि आठ अक्टूबर को पुलिस ने उन्हें नई सिम और मोबाइल लेने तथा व्हाट्सएप का इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए। इससे उनका पारिवारिक और व्यापारिक संपर्क प्रभावित हुआ। आरोप लगाया कि पुलिस ने उनका मोबाइल न तो विधिवत जब्त किया और न ही उन्हें जब्ती की कोई वैधानिक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि फिरौती प्रकरण में उनके मोबाइल का कहीं उपयोग हुआ है तो वे उसकी विधिसम्मत जांच में पूरा सहयोग करने को तैयार हैं। उनका आरोप है कि पिछले करीब दो माह से उनका मोबाइल बिना उचित कारण के पुलिस के कब्जे में है और पूछताछ के नाम पर उन्हें परेशान किया जा रहा है।

ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें

हमारे आधिकारिक सोशल चैनल से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण खबर सबसे पहले पाएं।

इस खबर को शेयर करें:
शेयर करें: