बीकानेर। जिला प्रमुख पद के लिए बुधवार को होने वाले चुनाव में कांग्रेस और भाजपा दोनों अपने प्रत्याशी मैदान में उतारेंगी। जिला परिषद में कांग्रेस के पास भारी बहुमत होने के बावजूद पार्टी में चल रही गुटबाजी ने मुकाबले को रोचक बना दिया है। कांग्रेस में निकिता डूडी और सरिता चौहान के बीच दावेदारी को लेकर खींचतान जारी है। वहीं, भाजपा भी चुनाव में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में जुटी है।निकिता डूडी सबसे मजबूत दावेदार, सरिता चौहान भी जुटा रहीं समर्थन जिला प्रमुख पद के लिए कांग्रेस में नोखा विधायक सुशीला डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी को सबसे प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। उनके समर्थन में देहात कांग्रेस के नेता भी सक्रिय हैं। दूसरी ओर पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल अपनी बेटी सरिता चौहान के लिए समर्थन जुटाने में लगे हैं। बताया जा रहा है कि मेघवाल ने अपने स्तर पर जिला परिषद सदस्यों को एकत्र किया है और उनके साथ करीब 10 सदस्य बताए जा रहे हैं।
भाजपा सामान्य वर्ग की महिला को बना सकती है प्रत्याशी
दूसरी ओर भाजपा के पास जीत की संभावना कम होने के बावजूद पार्टी प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है। भाजपा की रणनीति सामान्य वर्ग की महिला को उम्मीदवार बनाने की है। केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा, देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया और श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत प्रत्याशी के नाम पर मंथन कर रहे हैं।वर्तमान में भाजपा के पास सामान्य वर्ग से केवल दो जिला परिषद सदस्य हैं, जिनमें श्रीडूंगरगढ़ की सुरेश कंवर भी शामिल हैं। देहात भाजपा अध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बताया कि पार्टी प्रत्याशी तय करने में जुटी है और प्रयास रहेगा कि सामान्य वर्ग से ही उम्मीदवार मैदान में उतारा जाए।
अलग-अलग स्थानों पर कांग्रेस की बाड़ेबंदी
कांग्रेस में जिला प्रमुख पद को लेकर गुटबाजी खुलकर सामने आ रही है। दोनों ही पक्षों ने अपने समर्थक जिला परिषद सदस्यों की अलग-अलग जगह बाड़ेबंदी कर रखी है। गोविंदराम मेघवाल ने अपने फार्म हाउस पर सदस्यों को एकत्र किया था, जबकि सुशीला डूडी गुट के सदस्य पहले नोखा विधायक के निवास पर एकत्र हुए थे। बाद में उन्हें दूसरी जगह भेज दिया गया।कांग्रेस की ओर से चुनावी रणनीति और सदस्यों की व्यवस्था की जिम्मेदारी देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग और भूदान बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मण कड़वासरा संभाल रहे हैं। नवनिर्वाचित सदस्य शिवलाल गोदारा भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।पार्टी में एक नेता को जिला प्रमुख और दूसरे को उप जिला प्रमुख बनाने की रणनीति पर भी चर्चा चल रही है। वहीं, एक पक्ष का तर्क है कि जिला प्रमुख का पद सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है, इसलिए इसी वर्ग की महिला को उम्मीदवार बनाया जाना चाहिए।
एक ही दिन में जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख का चुनाव
जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पदों के लिए बुधवार को ही निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके तुरंत बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची तैयार कर चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।जरूरत पड़ने पर दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।