बीकानेर। पुरानी जेल के पास जेलवेल स्थित सरकारी भूमि पर हो रहे निर्माण को बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) की ओर से ध्वस्त किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार को हुई कार्रवाई के विरोध में सोमवार को ब्राह्मण स्वर्णकार समाज के लोगों ने बीडीए कार्यालय का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए अधिकारियों के समक्ष अपना विरोध दर्ज करवाया।गौरतलब है कि रविवार सुबह बीडीए की टीम जेसीबी मशीन और पुलिस जाब्ते के साथ जेलवेल पहुंची थी। यहां चल रहे निर्माण को अवैध अतिक्रमण बताते हुए टीम ने जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद समाज के लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया। समाज के रामरतन सोनी ने अधिकारियों को बताया कि उनके पास निर्माण करवाने के आदेश मौजूद हैं, लेकिन अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच किए बिना ही निर्माण तोड़ दिया। इस दौरान समाज के प्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।कार्रवाई के बाद समाज का प्रतिनिधिमंडल कोतवाली थाने भी पहुंचा, जहां अधिकारियों से लंबी बातचीत हुई। सोमवार को मामले ने और तूल पकड़ लिया तथा समाज के लोगों ने बीडीए कार्यालय पहुंचकर घेराव किया। इस दौरान विधायक जेठानंद व्यास, कांग्रेस नेता महेंद्र कल्ला, पार्षद मनोज विश्नोई और स्वर्णकार समाज के लक्ष्मी नारायण सहित कई लोग बीडीए आयुक्त स्नेहल धायगड़े से मिले।विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि समाज के लोगों ने बीडीए आयुक्त के सामने सभी दस्तावेज प्रस्तुत किए हैं। इनकी जांच के लिए दोपहर तीन बजे तक का समय दिया गया है। यदि निर्धारित समय तक उचित समाधान नहीं निकलता है तो वे स्वयं मौके पर खड़े होकर वहां पुनः निर्माण करवाएंगे। उन्होंने रविवार को की गई कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि छुट्टी के दिन इस तरह की कार्रवाई अपने आप में कई सवाल खड़े करती है।वहीं कांग्रेस नेता महेंद्र कल्ला ने कहा कि आखिर किसके आदेश पर यह कार्रवाई की गई, इसकी जानकारी देने को कोई तैयार नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके इशारे पर निर्माण को ध्वस्त किया गया। कल्ला ने कहा कि संबंधित जमीन वर्षों से समाज के लोगों के कब्जे में रही है और बिना किसी नोटिस के की गई कार्रवाई पर सवाल उठना स्वाभाविक है।दूसरी ओर बीडीए आयुक्त स्नेहल धायगड़े ने कहा कि संबंधित जमीन प्राधिकरण की है। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी बात रखी है और कुछ दस्तावेज भी सौंपे हैं। इन दस्तावेजों की जांच की जाएगी।प्रदर्शन के दौरान समाज के प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त के साथ वार्ता की। इस दौरान पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास भी मौजूद रहे और उन्होंने समाज के लोगों का पक्ष सुना। समाज की ओर से कार्रवाई के खिलाफ न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की चेतावनी भी दी गई है। अब दस्तावेजों की जांच और बीडीए प्रशासन के अगले कदम पर सभी की निगाहें टिकी हैं।