बीकानेर। गजनेर थाना क्षेत्र के चांडासर गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आग लगने की घटना सामने आई है। स्कूल के एक कमरे में लगी आग से प्लंबिंग का सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद स्कूल परिसर के बरामदे में पटाखों का बारूद भी मिला, जिससे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पटाखे छोड़ने की आशंका जताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को स्कूल समय समाप्त होने के बाद एक कमरे में प्लंबिंग के सामान के चार-पांच कार्टून सहित अन्य सामग्री रखी गई थी। 16 नवंबर की सुबह जब स्कूल स्टाफ पहुंचा तो कमरे में आग लगी हुई मिली। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दी।स्कूल परिसर का निरीक्षण करने पर बरामदे में पटाखों का बारूद भी मिला। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने स्कूल परिसर में पटाखे छोड़े होंगे, जिससे आग लगी हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।सूचना पर गजनेर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। स्कूल की प्रधानाचार्य किरण बाला ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गजनेर थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्लंबिंग का सामान जलकर हुआ राख, प्रधानाचार्य ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज कराया मामला: स्कूल के कमरे में लगी आग बरामदे में मिला पटाखों का बारूद
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे आधिकारिक सोशल चैनल से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण खबर सबसे पहले पाएं।