शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026
ताज़ा
दुखद:दो बेटियों की शादी के बीच माहौल हुआ गमगीन,भाभी की हुई मौत, जिस आंगन में सजी चंवरी वहीं से उठी अर्थी छतरगढ़ में कांग्रेस ने नहीं उतारा प्रत्याशी,गौरव चौहान निर्विरोध प्रधान अज्ञात चोरों ने खेत से भैसों को किया पार, शराब की बोतलें और गाड़ी के टायरों के मिले निशान केशव दत्त आचार्य की मौत के मामले में न्याय की मांग, प्रेस वार्ता में उठे नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में युवक को पकड़ा

दुखद:दो बेटियों की शादी के बीच माहौल हुआ गमगीन,भाभी की हुई मौत, जिस आंगन में सजी चंवरी वहीं से उठी अर्थी

A Admin
|
27 November 2026, 10:08 AM
शेयर:
दुखद:दो बेटियों की शादी के बीच माहौल हुआ गमगीन,भाभी की हुई मौत, जिस आंगन में सजी चंवरी वहीं से उठी अर्थी
khaosa

बीकानेर । एक तरफ घर की दो बेटियों की शादी की खुशियां थीं। पूरा मोहल्ला रोशनी से जगमगा रहा था। घरों के बाहर मेहमानों का स्वागत हो रहा था। खुले चौक में बारातें पहुंचीं, दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर बैठे और करीब डेढ़ से दो हजार लोगों ने साथ बैठकर भोजन किया। हर तरफ हंसी, उत्साह और मंगल गीतों का माहौल था। लेकिन इसी रात एक ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने सुबह होते-होते पूरे माहौल को बदल दिया। जिस घर में बेटियों की शादी के लिए दो चंवरियां सजाई गई थीं, उसी घर की एक सदस्य ने रात करीब साढ़े दस बजे अस्पताल में दम तोड़ दिया। परिवार ने बेटियों की विदाई तक इस खबर को छिपाए रखा। सुबह जब दोनों बेटियां विदा हो गईं, तब परिवार और मोहल्ले को इस दुखद घटना की जानकारी दी गई।एक घर की शादी नहीं, पूरा मोहल्ला बना बारातीयह खबर है बीकानेर के जोशीवाड़ा स्थित फूलबाई कुएं और उसके आसपास के मोहल्ले की। यहां शादी सिर्फ एक परिवार का आयोजन नहीं होती, बल्कि पूरा मोहल्ला इसे अपना उत्सव मानता है। परंपरा के अनुसार बेटियों की शादी के लिए अलग से मैरिज गार्डन या भवन नहीं लिया जाता। मोहल्ले के खुले चौक में ही बारात आती है, स्टेज सजता है और पूरा आयोजन होता है। इस दौरान मोहल्ले के हर घर पर लाइटिंग की जाती है।गुरुवार को पेशे से पत्रकार दिनेश जोशी की दो बेटियों निकिता और अंकिता की शादी थी। इस बार सजावट भी सामान्य से ज्यादा की गई थी। दिनेश पांच भाइयों में सबसे छोटा है और मोहल्ले में अपने हमउम्र लोगों में भी सबसे छोटा होने के कारण उसकी बेटियों के प्रति सभी का विशेष स्नेह था। यही वजह रही कि फूलबाई कुएं और आसपास के बीस से अधिक घर रोशनी से जगमगा उठे।एक-एक कर पहुंचीं दो बारातें, डेढ़ से दो हजार लोगों ने किया भोजन गुरुवार रात एक के बाद एक दो बारातें मोहल्ले के चौक में पहुंचीं। दोनों बारातों का जोरदार स्वागत किया गया। खुले चौक में स्टेज सजाया गया, जहां दूल्हा और दुल्हन साथ बैठे। करीब डेढ़ से दो हजार लोगों ने इसी चौक में हंसी-खुशी भोजन किया। दिनेश के घर के अंदर खुले आंगन में भी दो चंवरी सजाई गई थीं। घर के सदस्य राजस्थानी साफा पहनकर मेहमानों का स्वागत कर रहे थे। शादी की सभी रस्में सामान्य तरीके से चल रही थीं।अचानक घर में हुई हलचल, किसी को नहीं होने दिया अहसासइसी बीच अचानक दिनेश के घर में हलचल हुई। कुछ महीनों से बीमार चल रही उनकी भाभी की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। मोहल्ले के जो लोग कुछ देर पहले तक स्टोर में रसोई और भोजन की व्यवस्था संभाल रहे थे, वे तुरंत घर पहुंचे। भाभी को चुपचाप अस्पताल ले जाया गया। परिवार के अधिकांश सदस्यों और शादी में आए मेहमानों को इसकी भनक तक नहीं लगने दी गई। शादी का कार्यक्रम चलता रहा। बाहर बारातियों का स्वागत और मेहमानों की आवभगत जारी रही।लेकिन अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच चल रही जंग खत्म हो चुकी थी। रात करीब साढ़े दस बजे दिनेश की भाभी ने दम तोड़ दिया। उनका शव रातभर पीबीएम अस्पताल में रखा गया और बाद में एंबुलेंस में रखा गया। परिवार के कुछ लोगों ने यह दुख अपने तक सीमित रखा, ताकि बेटियों की शादी और विदाई में कोई व्यवधान न आए।बेटियों की विदाई के बाद खुला दुख का राज सुबह तक शादी का कार्यक्रम चलता रहा। दोनों बेटियां अपने नए घर के लिए विदा हो गईं। इसके बाद परिवार के लोगों को बताया गया कि रात में भाभी की मौत हो चुकी थी। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक मंगल गीत और शादी की रस्में चल रही थीं, वहां अब मातम पसर गया।सुबह भी रोशनी से जगमगा रहे थे घर, उसी आंगन में अंतिम संस्कार की तैयारी शुक्रवार सुबह भी मोहल्ले के घरों पर शादी के लिए की गई लाइटिंग सजी हुई थी। रातभर रोशनी से जगमगाने वाले चौक में अब सन्नाटा था। जिस आंगन में रात को बेटियों की शादी के लिए दो चंवरियां सजाई गई थीं, उसी आंगन में सुबह भाभी के अंतिम संस्कार की तैयारी होने लगी।सुबह गम में भी साथ रहा मोहल्ला पूरा मोहल्ला, जो रात को शादी की खुशियों में परिवार के साथ खड़ा था, सुबह उसी परिवार के दुख में भी साथ नजर आया। रात को जिन घरों में रोशनी थी, वहां सुबह शोक की खामोशी थी। दिनेश के पांच भाइयों में सबसे छोटे होने के कारण उनकी बेटियों की शादी को लेकर पूरे मोहल्ले में खास उत्साह था। दोनों बेटियां विदा हो चुकी थीं, लेकिन परिवार के लिए यह रात ऐसी याद छोड़ गई, जिसमें एक तरफ बेटियों के नए जीवन की शुरुआत थी तो दूसरी तरफ परिवार के एक सदस्य को हमेशा के लिए खोने का दुख।एक ही आंगन ने कुछ घंटों के अंतराल में शादी की खुशियां भी देखीं और अंतिम विदाई की तैयारी भी।

ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें

हमारे आधिकारिक सोशल चैनल से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण खबर सबसे पहले पाएं।

इस खबर को शेयर करें:
शेयर करें: