बीकानेर।* श्री विश्वकर्मा सुथार समाज सामूहिक विवाह समिति, बीकानेर के तत्वावधान में चौदहवां आदर्श सामूहिक विवाह एवं तुलसी विवाह समारोह 20 नवंबर 2026, कार्तिक सुदी देव उठनी ग्यारस शुक्रवार को धरणीधर महादेव मंदिर खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा।आयोजन की जानकारी देने के लिए बुधवार को कार्यक्रम स्थल पर प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इसमें विवाह समिति के अध्यक्ष नवरतन धामू, मंत्री श्याम सुंदर बरड़वा, कोषाध्यक्ष छगनलाल छड़िया सहित संस्थापक सदस्य कन्हैयालाल बरड़वा एवं पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी।अध्यक्ष नवरतन धामू ने बताया कि समिति की ओर से चौदहवां आदर्श सामूहिक विवाह सकल समाज बंधुओं के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसमें इस बार ग्यारह जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। इस आयोजन में बीकानेर सहित आसपास की तहसीलों, ग्रामीण क्षेत्रों और दूर-दराज से करीब 6,000 समाज बंधु शामिल होकर नव-दंपतियों को आशीर्वाद देंगे।इस वर्ष के समारोह के मुख्य अतिथि एवं महाप्रसाद दाता सीलवा नोखा निवासी ब्रह्मलीन गौसेवी संत श्री पदमाराम जी कुलरिया के पुत्र भामाशाह कानाराम जी, शंकर जी एवं धर्मचन्द जी कुलरिया होंगे। वहीं अति विशिष्ट अतिथि हनुमान जी लेखराव एवं विशिष्ट अतिथि श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड, राजस्थान सरकार के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार होंगे।
*कार्यक्रम की समय सारणी*
- *19 नवंबर, गुरुवार शाम 6.15 बजे:* सुंदरकांड पाठ
- *20 नवंबर, शुक्रवार सुबह 10.15 बजे:* गणेश पूजन
- *सुबह 11.15 बजे:* भूमि पूजन
- *शाम 5.15 बजे:* बारात स्वागत
- *शाम 6.15 बजे:* महाप्रसाद
- *रात्रि:* शुभ मुहूर्त अनुसार पाणिग्रहण संस्कार
- *21 नवंबर, शनिवार सुबह:* विदाई समारोह