बीकानेर। जिले में चोरी, साइबर ठगी, लूट, मारपीट और सड़क हादसों से जुड़े कई मामले पुलिस थानों में दर्ज हुए हैं। पुलिस की 17 नवंबर की दैनिक अपराध रिपोर्ट के अनुसार सदर थाना क्षेत्र में दुर्गा माता मंदिर को निशाना बनाकर चोरों ने चांदी के आभूषण, सोने का टीका और दानपात्र में रखी नकदी चोरी कर ली। वहीं गंगाशहर में मोबाइल पर गेम खेलने के दौरान डाउनलोड किए गए अज्ञात लिंक और एप्लीकेशन के जरिए एक व्यक्ति के बैंक खाते से 1 लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए गए।
मंदिर में बड़ी चोरी
सदर थाना क्षेत्र के अमरसिंह कुआं स्थित सादुल कॉलोनी में दुर्गा माता मंदिर में 16 नवंबर को दिन में करीब एक से पांच बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर के ताले तोड़कर चोरी की। चोर चांदी के मुकुट-छत्र और नकदी ले गए।
गंगाशहर में 1.30 लाख रुपये की साइबर ठगी
परिवादी पवन जैन ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पर बच्चे गेम खेलते रहते हैं। इसी दौरान बच्चों ने किसी अज्ञात लिंक और एप्लीकेशन को डाउनलोड कर लिया। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर उनके बैंक खाते से 1 लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए।
महिला का मंगलसूत्र तोड़ाजेएनवीसी थाना क्षेत्र के तिलक नगर की गली नंबर 15 में 16 नवंबर को एक महिला घर से बाहर घूमने निकली थी। इसी दौरान बाइक पर आए तीन अज्ञात युवकों ने महिला के गले से मंगलसूत्र तोड़ लिया और फरार हो गए।
दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत
सेरूणा थाना क्षेत्र के समंदसर से पुनरासर रोड पर टेम्पू चालक की लापरवाही से हुए हादसे में केठाराम की मृत्यु हो गई। वहीं खाजूवाला थाना क्षेत्र के गलूवाली गांव में अज्ञात वाहन की टक्कर से मोहम्मद हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
नोखा और पांचू में मारपीट के मामले दर्ज
नोखा थाना क्षेत्र के टांट गांव में आपसी रंजिश के चलते कई लोगों द्वारा एकराय होकर परिवादी के साथ मारपीट करने का मामला दर्ज हुआ है। पांचू थाना क्षेत्र के वाहिरा गांव में लाठी, कुल्हाड़ी और थाप-मुक्कों से हमला कर एक व्यक्ति को घायल करने की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। कोलायत थाना क्षेत्र के दियातरा गांव में रास्ता रोककर लाठी और कुल्हाड़ी से हमला करने का मामला भी सामने आया है।