बीकानेर। चलती ट्रेन में यात्री की हत्या के मामले में आरोपी जुबेर मेमन को कोर्ट से दूसरी बार भी राहत नहीं मिली। अपर सेशन न्यायाधीश मधु हिसारिया ने आरोपी की दूसरी जमानत याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने अपराध की गंभीरता और मामले में महत्वपूर्ण गवाहों के बयान होना शेष रहने को जमानत नहीं देने का आधार माना।मामले के अनुसार, तीन नवंबर 2025 को देवकिशन पुत्र मघराज सारण ने जीआरपी थाना बीकानेर में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 2-3 नवंबर 2025 की रात उनकी ड्यूटी ट्रेन संख्या 19224 में बठिंडा से बीकानेर तक थी। ट्रेन के लूणकरनसर रेलवे स्टेशन से रवाना होने के बाद पेंट्रीकार मैनेजर शिवकुमार ने उन्हें सूचना दी कि एस-2 कोच में एक यात्री और अटेंडेंट के बीच झगड़ा हो रहा है।सूचना मिलने पर वे एस-2 कोच में पहुंचे तो सीट नंबर 9 से 14 के बीच एक व्यक्ति लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला। पेंट्रीकार मैनेजर ने बताया कि उक्त यात्री का अटेंडेंट जुबेर के साथ झगड़ा हुआ था। इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल को देकर आरपीएफ, जीआरपी और मेडिकल स्टाफ को बुलाया गया। ट्रेन के बीकानेर पहुंचने पर चिकित्सक ने यात्री को मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता और आम्र्स एक्ट के तहत अनुसंधान किया। अनुसंधान के बाद जुबेर मेमन के खिलाफ आरोप पत्र पेश किया गया। मामला सेशन कोर्ट में पहुंचने के बाद आरोपी के विरुद्ध आरोप तय किए गए। अब तक अभियोजन पक्ष के 14 गवाहों के बयान दर्ज हो चुके हैं।आरोपी की ओर से अधिवक्ता रविकांत वर्मा ने जमानत के पक्ष में दलील दी कि आरोपी तीन नवंबर 2025 से जेल में है। मृतक से उसकी कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि आरोपी बी-4 कोच में अटेंडेंट था, जबकि मृतक स्लीपर कोच में यात्रा कर रहा था। गवाह हवाला देते हुए दावा किया गया कि घटना के दौरान आरोपी के हाथ में चाकू नहीं था। आरोपी के बीमार होने, पेट में गांठ और मधुमेह से पीडि़त होने तथा परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य होने का तर्क भी रखा गया।वहीं, अपर लोक अभियोजक शिवशंकर स्वामी और परिवादी की ओर से अधिवक्ता केशव व्यास ने जमानत का विरोध करते हुए अपराध को गंभीर प्रकृति का बताया। उन्होंने कहा कि मामले में अभियोजन साक्ष्य की कार्रवाई अभी जारी है। कोर्ट ने कहा कि आरोपी पर ट्रेन के एस-2 कोच में हुए विवाद के दौरान यात्री जिगर कुमार पर धारदार चाकू से चोटें पहुंचाकर उसकी हत्या करने का आरोप है। पहली जमानत याचिका खारिज होने के बाद परिस्थितियों में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं हुआ है। साथ ही अनुसंधान अधिकारी सहित महत्वपूर्ण गवाहों की गवाही होना अभी बाकी है।इन परिस्थितियों और आरोपित अपराध की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने आरोपी को जमानत पर रिहा करना उचित नहीं माना और दूसरी जमानत याचिका खारिज कर दी।
आरोपी ने यात्री पर चाकू से किया हमला: ट्रेन में यात्री की की मौत के मामले में आरोपी की जमानत याचिका खारिज
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे आधिकारिक सोशल चैनल से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण खबर सबसे पहले पाएं।