बीकानेर/श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र में चोरी की एक वारदात ने फिल्मी रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि चार से पांच चोर एक घर को निशाना बनाकर अंदर घुसे थे। उन्होंने घर से दो संदूक पार कर लिए थे। इसी दौरान शोर सुनकर आसपास के युवक मौके पर पहुंच गए। युवकों को अपनी तरफ आता देख एक चोर ने बंदूक दिखाकर उन्हें डराने की कोशिश की और धमकाया कि पीछे हट जाओ नहीं तो गोली मार देंगे। लेकिन युवकों ने हार नहीं मानी और हिम्मत दिखाते हुए बंदूक वाले चोर को दबोच लिया। इसके बाद युवकों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर उसके तीन से चार साथी चोर दो संदूक लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर श्रीडूंगरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए चोर से पूछताछ शुरू की। पुलिस अब फरार चोरों की तलाश में जुट गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदूकों में क्या-क्या सामान था इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। गांव में युवकों की इस बहादुरी की जमकर तारीफ हो रही है। वहीं घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल भी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रात में कोई संदिग्ध दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें और खुद अकेले सामना न करें।
दो संदूक लेकर भागे चोर, बंदूक दिखाने वाला साथी ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा: बंदूक दिखाकर युवकों को धमकाया, फिर भी नहीं डरे ग्रामीण; एक चोर को दबोचा
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे आधिकारिक सोशल चैनल से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण खबर सबसे पहले पाएं।