अज्ञात युवक ने खाते से उड़ाए लाखों रुपये
मैसेज आने पर खाताधारक को लगी ठगी की भनक
नोखा। नोखा थाना क्षेत्र में बैंक खाते से लाखों रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। खाते से लगातार निकासी के मैसेज आने के बाद खाताधारक ने बैंक खाता बंद करवाया, लेकिन तब तक 2 लाख 69 हजार 601 रुपये से अधिक की राशि निकाली जा चुकी थी।
पुलिस के अनुसार नोखा के जाट धर्मशाला के पास रहने वाले लाधुराम सांसी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि 19 नवंबर 2026 तक उसके बैंक खाते में 4 लाख 82 हजार 833 रुपये जमा थे। उसी दिन उसके मोबाइल पर लगातार 4-5 मैसेज रुपए निकालने के आने लगे।
परिवादी ने बताया कि मैसेज मिलते ही उसने तुरंत बैंक को सूचना देकर अपना खाता बंद करवा दिया। बाद में जब उसने खाते की जांच की तो पता चला कि उसके खाते से 2 लाख 69 हजार 601 रुपये 08 पैसे निकाले जा चुके थे। परिवादी ने आरोप लगाया कि यह राशि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके खाते से निकाल ली।
परिवादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात आरोपी और रकम निकासी के तरीके की जांच कर रही है।
मैसेज आने पर खाताधारक को लगी ठगी की भनक: अज्ञात युवक ने खाते से उड़ाए लाखों रुपये
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे आधिकारिक सोशल चैनल से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण खबर सबसे पहले पाएं।