बीकानेर । दीपावली के त्योहार पर खुशियों के बीच एक परिवार में मातम पसर गया। बज्जू उपखंड क्षेत्र के चारणवाला में आतिशबाजी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। बच्चा पटाखे जला रहा था, तभी सुतली बम उसकी छाती पर फट गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।जानकारी के अनुसार, हादसा चारणवाला ब्रांच के चक 14 सीडब्ल्यूबी में हुआ। बताया जा रहा है कि बच्चा लक्ष्मणराम के घर के पास आतिशबाजी कर रहा था। इसी दौरान सुतली बम उसकी छाती पर ही फट गया। विस्फोट इतना गंभीर था कि बच्चे के सीने में गहरा घाव हो गया।हादसे के बाद परिजन घायल बच्चे को तुरंत बज्जू अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीबीएम अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उपचार के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया।दीपावली के मौके पर हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं क्षेत्र में भी शोक की लहर है। यह हादसा आतिशबाजी के दौरान बच्चों की सुरक्षा और सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर उजागर करता है।