पत्रकार : ग्राम पंचायत नायला से सरपंच पद की प्रत्याशी बनने के पीछे आपकी क्या प्रेरणा रही?
सुनीता मीणा : सरपंच पद का चुनाव लड़ने के पीछे मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा मेरे ससुर रामेश्वर मीणा नाड़ी हैं, जो पूर्व में गांव के सरपंच रह चुके हैं। उन्होंने हमेशा गांव की उन्नति, तरक्की और विकास को प्राथमिकता दी। उनका सेवा भाव, अनुभव और समर्पण मेरे लिए प्रेरणास्रोत है। मैं उन्हीं के संस्कारों को आत्मसात करते हुए गांव की सेवा करना चाहती हूं।
पत्रकार : आपके अनुसार ग्राम पंचायत नायला में विकास की सबसे बड़ी जरूरतें क्या हैं?
सुनीता मीणा : हमारे ग्रामीण क्षेत्र में आज भी कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। शिक्षा, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की आवश्यकता है। इन कमियों के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के जीवन में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मेरा प्रयास रहेगा कि गांव में ऐसी सुविधाएं विकसित हों, जिससे ग्रामीणों का जीवन आसान हो और गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके।
पत्रकार : यदि ग्रामीण आपको सेवा का अवसर देते हैं तो आपकी पहली प्राथमिकता क्या होगी?
सुनीता मीणा : मेरी पहली प्राथमिकता गांव की बुनियादी समस्याओं का समाधान करना होगा। बेहतर सड़कें, स्वच्छ पेयजल, शिक्षा की समुचित व्यवस्था और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। मेरा मानना है कि गांव का विकास तभी संभव है, जब प्रत्येक परिवार तक विकास की सुविधाएं पहुंचें।
पत्रकार : आप राजनीति और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच किस तरह संतुलन बनाएंगी?
सुनीता मीणा : मैं पोस्ट ग्रेजुएट शिक्षित हूं और परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने के साथ सामाजिक कार्यों में भी रुचि रखती हूं। मेरा मानना है कि जनसेवा के लिए समर्पण, धैर्य और जिम्मेदारी का भाव होना जरूरी है। परिवार का सहयोग और बड़ों का मार्गदर्शन मुझे दोनों जिम्मेदारियां निभाने की शक्ति देता है।
पत्रकार : आपके ससुर पूर्व सरपंच रहे हैं। उनके अनुभव का आपको कितना लाभ मिलेगा?
सुनीता मीणा : निश्चित रूप से उनका अनुभव मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपने कार्यकाल में गांव के विकास के लिए जो प्रयास किए, उनसे मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला है। उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन मुझे जनसेवा के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा। मैं उनके अनुभव और अपने विचारों के समन्वय से गांव के विकास के लिए काम करना चाहती हूं।
पत्रकार : गांव की जनता से आप क्या अपील करना चाहेंगी?
सुनीता मीणा : मैं नायला ग्राम पंचायत के सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने मुझे अपना भावी उम्मीदवार मानकर विश्वास और समर्थन दिया है। मैं विश्वास दिलाना चाहती हूं कि यदि मुझे सेवा का अवसर मिलता है तो पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ गांव के विकास के लिए काम करूंगी। मेरे लिए पद से अधिक महत्वपूर्ण जनता का विश्वास और गांव की खुशहाली है। बड़ों का आशीर्वाद और ग्रामीणों का सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।
'गांव की सरकार, विकास की बात'
गांव के विकास और खुशहाली को प्राथमिकता, शिक्षा, सड़क और पानी की सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस : सुनीता मीणा
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे आधिकारिक सोशल चैनल से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण खबर सबसे पहले पाएं।