श्रीकोलायत। श्रीकोलायत क्षेत्र के के सियाणा गांव स्थित भेरूजी मंदिर के सामने देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और मंदिर के सामने लगी 10 से अधिक कच्ची दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण श्रद्धालुओं द्वारा छोड़े गए पटाखों की चिंगारी माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल वाहन भी घटनास्थल पर पहुंचा और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।अग्निकांड में दुकानों में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। दीपावली के त्योहार के बीच हुए इस हादसे से छोटे दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। कच्ची दुकानों के सहारे परिवार का पालन-पोषण करने वाले दुकानदारों के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।