अलवर में बाइक पर आए बदमाश बैंक में 1 करोड़ रुपए का कैश और सोना लूटकर फरार हो गए। 6 बदमाश हथियार के साथ आए थे। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने महज 30 मिनट में डकैती को अंजाम दिया। इसके बाद डकैत मौके से फरार हो गए। घटना भिवाड़ी के रीको चौक स्थित एक्सिस बैंक ब्रांच की है। भिवाड़ी एसपी शांतनु कुमार ने बताया कि 3 बाइक पर 6 बदमाश आए थे। यहां ​​​​​​बैंक कर्मचारियों को बंधक बनाया। उन्होंने बताया कि इनकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपए है। पुलिस सीसीटीवी खंगाल कर डकैतों की पड़ताल में लगी है।

लॉकर की चाबी ले ली
बैंक कर्मियों ने पुलिस को बताया कि करीब 10 बजे बैंक खुला ही था। डकैत बाइक से आए थे। इनके चेहरे पर मास्क लगा था। इनके पास हथियार थे। बैंक में घुसते ही डकैतों ने कर्मचारियों को बंधक बना लिया और लॉकर की चाबी ले ली। कर्मचारियों ने बताया कि डकैत अपने साथ बैग भी लेकर आए थे। लॉकर में जितने रुपए और गोल्ड मिला वो लेकर फरार हो गए।

SP व अन्य अफसर मौके पर
एसपी शांतनु कुमार सहित अन्य पुलिस अफसर मौके पर हैं। पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है। बैंक से सीसीटीवी लिए गए हैं। एसपी ने बताया कि बाइक व हुलिया के आधार पर पहचान हो रही है। वे जिस रास्ते से आए थे, उसके बारे में भी जानकारी मिल गई है। टीमों को पीछे लगा दिया गया है और जल्दी आरोपी पकड़े जाएंगे।