अजमेर की ऐतिहासिक आनासागर झील में सोमवार को युवक की लाश तैरती हुई मिली। इसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान उसकी जेब से मिले आधार कार्ड से हुई। पुलिस ने बॉडी को हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है। जहां परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा। गंज थाने के ASI प्रेम सिंह ने बताया कि रामप्रसाद घाट के नजदीक झील में बॉडी मिलने की सूचना थाने पर दी गई। जिसके बाद थाने के जाब्ते के साथ मौके पर पंहुचे। घटनास्थल का जायजा लेते हुए गोताखोरों की मदद से बॉडी को झील से बाहर निकाला गया। ASI ने बताया- मृतक युवक की बॉडी से उसका आधार कार्ड मिला है। जिससे उसकी पहचान उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद अहतिशम सलमानी से हुई।पुलिस ने बॉडी को जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। गंज थाना पुलिस मृतक के परिजनों की जानकारी जुटा रही है। इसके बाद परिजनों को इसकी सूचना दी जाएगी। परिजनों के अजमेर पहुंचने पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा। साथ ही गंज थाना पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है कि यह सुसाइड है या कोई हादसा।