नोखा। बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र के सलुंडिया गांव में दीपावली के त्योहार पर उस समय गम का माहौल बन गया, जब एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की पानी की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर छा गई। जानकारी के अनुसार सलुंडिया गांव की रोही में बने एक नलकूप पर हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि नलकूप के पास बनी पानी की डिग्गी में 15 वर्षीय कालूराम मेघवाल का पैर फिसल गया और वह डूबने लगा। उसे डूबता देख पास मौजूद सुभाष मेघवाल उसे बचाने के लिए पानी की डिग्गी में उतर गया, लेकिन वह भी पानी में डूब गया। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नोखा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाया। नोखा थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पानी की डिग्गी में डूबने से दो युवकों की मौत हुई है। दोनों मृतक आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।धनतेरस के दिन हुए इस हादसे से सलुंडिया गांव में दीपावली की खुशियां मातम में बदल गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।