निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, 50 नेताओं की छुट्टी तय

बीकानेर। प्रदेश में निकाय और पंचायत चुनावों की तैयारियों के बीच कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। पार्टी आलाकमान ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को संगठन को सक्रिय और चुनावी रणनीति के अनुरूप मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।

सूत्रों के अनुसार, संगठन में लंबे समय से निष्क्रिय चल रहे 50 से अधिक पदाधिकारियों की छुट्टी तय मानी जा रही है। इनमें करीब 42 प्रदेश सचिव, 14 महासचिव और 4 उपाध्यक्ष शामिल हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल से मिले संकेतों के बाद प्रदेश नेतृत्व नई टीम के गठन में जुट गया है।

राज्य में 309 नगर निकायों और 11,300 ग्राम पंचायतों के चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में कांग्रेस संगठन को चुनावी मोड में लाने के लिए सक्रिय और जवाबदेह टीम तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। पार्टी ‘एक व्यक्ति-एक पद’ के सिद्धांत को भी सख्ती से लागू करने की तैयारी कर रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कई सदस्य पहले ही जिला अध्यक्ष बनाए जा चुके हैं, ऐसे नेताओं से संगठन की अतिरिक्त जिम्मेदारियां वापस ली जा सकती हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह फेरबदल केवल पदों का बदलाव नहीं, बल्कि आगामी निकाय और पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस की रणनीतिक तैयारी का हिस्सा है। नई टीम के गठन से पार्टी संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने और चुनावी मुकाबले के लिए मजबूत संदेश देने की कोशिश करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *