जयपुर। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में भी कोरोना की एंट्री हो गई है। यूपी चुनाव की तैयारियां करवाकर लौटे संगठन महामंत्री चंद्रशेखर कोरोना पॉजिटिव आए हैं, वहीं उनके स्टाफ का भी एक कार्मिक कोरोना संक्रमित हो गया है। उधर चार दिन तक जैसलमेर, बाड़मेर सहित कई जिलों के दौरे से लौटे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां की भी तबियत खराब हो गई है। ऐसे में पार्टी प्रदेश भाजपा मुख्यालय में तैनात अन्य कर्मचारियों की भी एतिहातन कोरोना की जांच करवाई जा रही है।बताया जा रहा है चंद्रेशखर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चलते वहां होकर लौटे थे। इस दौरान वहां भाजपा से जुड़े कई कार्यकर्ता और राजनेता भी उनके संपर्क में आए थे। जयपुर में भी कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता लगातार उनके संपर्क में रहे हैं। पूनियां भी फिलहाल अस्वस्थ हैं। उन्हें सर्दी, खांसी, जुकाम के साथ बदन दर्द की भी शिकायत है। पूनियां जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर के संगठनात्मक प्रवास से लौटकर जयपुर आए हैं। वहां उनका बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया था। इससे पहले भी पूनियां दो बार कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। एक बार तो उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था।
संक्रमण के बावजूद भी नहीं सुधर रही आदतप्रदेश में संक्रमण तेजी से फैल रहा है, इसके बाद भी भाजपा नेता सुधरते नजर नहीं आ रहे हैं। सरकार की रोक के बावजूद प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक के बावजूद भाजपा नेताओं ने भीड़ इकट्ठा करके गांधी नगर सर्किल के पास धरना दिया। वहीं शहर भाजपा ने भी नगर निगम ग्रेटर में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में अमर जवान ज्योति पर भीड़ इकट्ठा करके कोराना गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाई।