बीकानेर, सावन की हरियाली तीज पर रविवार को बीकानेर में महिलाओं ने जमकर लुत्फ उठाया। इस दौरान वैष्णव महिलाओं ने जहां मंदिरों में दर्शन किया, वहीं बड़ी संख्या में महिलाएं पार्कों में पहुंची और वहीं भोजन किया। जयनारायण व्यास कॉलोनी के एक पार्क में तो महिलाओं ने गीत-संगीत से जोरदार महफिल जमा ली। रंग बिरंगे परिधानों में सजी महिलाएं फिल्मी गीतों पर नृत्य करती नजर आई। रविवार देर रात तक हरियाली तीज के कार्यक्रम घर, पार्क व मंदिरों में चलते रहे। बीकानेर के जयनारायण व्यास कॉलोनी के सेक्टर चार में बृंदावन पार्क में ऐसा ही रंगारंग कार्यक्रम हुआ। यहां वार्ड पार्षद संजय गुप्ता के प्रयासों से जन चेतना एवं कल्याण समिति ने तीज लहरिया महोत्सव का आयोजन रखा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कॉलोनी की महिलाएं एकत्र हुई। यहां फिल्मी गीतों पर गीत हुए। खासकर राजस्थानी गीतों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। “ओ थारी बोली प्यारी लागे रे…घूमर” पर तो जैसे माहौल ही शानदार हो गया। पार्क में घेरा बनाकर महिलाओं ने घूमर भी डाली। देवरानी-जेठानी, ननद-भाभी सब ने यहां पर मौज मस्ती की तो पड़ौसी महिलाओं को मेल मिलाप भी इस दौरान बढ़ा।

पार्कों में भीड़ रही

बीकानेर शहर के पार्कों में जहां भीड़ देखी गई, वहीं जयपुर रोड स्थित मनोरंजन व स्वीमिंग पूल पार्कों में भी महिलाओं का जमावड़ा रविवार और हरियाली सावन तीज के कारण ज्यादा रहा। बड़ी संख्या में महिलाएं अपने परिजनों के साथ यहां पहुंची। वैसे भी रविवार को ज्यादा भीड़ होती है लेकिन इस बार सावन की तीज ने इस संख्या में बढ़ोतरी कर दी। दरअसल, इस दिन घर से बाहर भोजन करने का रिवाज रहा है, ऐसे में महिलाएं खाना बनाकर ही लाई थी। वहीं इसी दिन घरों में तीज का व्रत करने वाली लड़कियों व महिलाओं को व्रत कराने का भी महत्व बताया गया है।