बीकानेर। राजस्थानी भाषा के मूर्धन्य साहित्यकार एवं आधुनिक राजस्थानी कहानी के जनक मुरलीधर व्यास ‘राजस्थानी’ की 128वीं जयंती के अवसर पर एक विशेष साहित्यिक समारोह का आयोजन किया जाएगा। मुरलीधर व्यास ‘राजस्थानी’ स्मृति संस्थान की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में इस वर्ष दो रचनाकारों को “मुरलीधर व्यास राजस्थानी साहित्य सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा।
संस्थान अध्यक्ष श्रीनाथ व्यास के अनुसार, इस अवसर पर राजस्थानी के वरिष्ठ साहित्यकार एवं साहित्य अकादमी, नई दिल्ली से सम्मानित चेतन स्वामी (श्री डूंगरगढ़) तथा युवा रचनाकार विप्लव व्यास को सम्मानित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि विप्लव व्यास ने मुरलीधर व्यास ‘राजस्थानी’ के प्रसिद्ध कहानी संग्रह ‘बरसगांठ’ का राजस्थानी से हिंदी में अनुवाद कर महत्वपूर्ण साहित्यिक योगदान दिया है।
यह समारोह 12 अप्रैल को महाराजा नरेंद्र सिंह ऑडिटोरियम में शाम 5:30 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार मालचंद तिवाड़ी मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे, जबकि संचालन पत्रकार एवं साहित्यकार हरीश बी. शर्मा द्वारा किया जाएगा।
संस्थान के अनुसार, इस आयोजन के माध्यम से मुरलीधर व्यास ‘राजस्थानी’ की समृद्ध साहित्यिक विरासत को स्मरण करते हुए समकालीन रचनाकारों के योगदान को भी सम्मानित किया जाएगा।
