बीकानेर। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए नोखा थाने में पदस्थापित एएसआई मानवेंद्र सिंह यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एक महिला द्वारा दर्ज कराई गई गंभीर शिकायत के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, महिला की शिकायत मिलने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विभागीय जांच शुरू कराई। प्रारंभिक जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया गंभीर पाए जाने पर एसपी मृदुल कच्छावा ने एएसआई मानवेंद्र सिंह यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को अनुशासन और जवाबदेही के प्रति सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है। विशेष रूप से महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई कर पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
एसपी मृदुल कच्छावा ने स्पष्ट किया है कि विभाग में अनुशासनहीनता, दुर्व्यवहार अथवा पद के दुरुपयोग को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
