नागौर, जिले के रोल इलाके के नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जिसमें नाबालिग लड़की के मंगेतर को डिटेन किया है। जांच में सामने आया कि मंगेतर को किशोरी के किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क का शक था। जिससे गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी।

नाबालिग के मंगेतर ने बताया कि किशोरी से उसकी दो साल पहले सगाई हुई थी। बुधवार को आरोपी मंगेतर किशोरी को अपने खेत में बने कमरे में लेकर गया था। जहां बातचीत के दौरान किशोरी ने किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क होने की बात कही। जिसके बाद दोनों में कहासुनी हो गई। गुस्से में मंगेतर ने किशोरी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। जिसके बाद शव को खेत में गाड़ दिया।

पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले में जांच जारी है। अगर आगे कुछ अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

क्या है मामला

करीब दो साल पहले नाबालिग लड़की की साडोकन के रहने वाले एक लड़के से सगाई हुई थी। जो मंगलवार दोपहर लड़की को घर से ले गया। लड़की जाते समय अपना मोबाइल घर की एक छोटी बच्ची को दे गई थी। काफी देर बाद जब लड़की घर नहीं लौटी तो परिजनों ने लड़के को फोन किया। इस पर उसने कहा कि वह उसको दो बजे ही घर पर छोड़ गया था। इसके बाद परिजनों ने लड़की की तलाश शुरू की।

परिजन लड़की की तलाश में खेत पर पहुंचे तो वहां एक कमरे में खून और शव के अवशेष मिले। वे वहां से बाहर निकले तो उनको शव घसीटने और उठा ले जाने के जगह-जगह निशान दिखाई पड़े। वारदात स्थल से एक किलोमीटर दूर खाई में एक ताजा गड्ढ़ा दिखाई दिया। इसकी खुदाई करने पर लड़की का शव मिला। जिसके बाद परिजनों द्वारा मामले में दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज करवाया गया था।

कैसे हुआ खुलासा

किशोरी की लाश मिलने के बाद परिवार द्वारा मंगेतर पर शक जाहिर किया गया था। जिसके डिटेन कर पूछताछ की गई। इस दौरान युवक द्वारा पूरे मामले की जानकारी दी गई।