17 से 25 मई तक होगा श्री नवाह्न परायण पाठ, पोस्टर का हुआ विमोचन

बीकानेर। मानस प्रचार समिति लखोटिया चौक के तत्वावधान में 17 से 25 मई तक स्थानीय नृसिंह सत्संग उद्यान में श्री नवाह्न परायण पाठ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन गुरुवार को संत सर्वेश्वरनंद महाराज के करकमलों द्वारा किया गया।

समिति अध्यक्ष राजेश चूरा ने बताया कि संगीतमय कथा का वाचन जोधपुर के पंडित गिरधर गोपाल एवं सुशील आसोपा द्वारा किया जाएगा। प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित होने वाले कार्यक्रम में एक पाठ का वाचन किया जाएगा।

समिति सचिव राजेंद्र पुरोहित ने बताया कि आयोजन से पूर्व भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो एमएम खेल मैदान स्थित राम मंदिर से रवाना होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः कथा स्थल पहुंचेगी। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रहने एवं भोजन की निशुल्क व्यवस्था भी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि आयोजन में शिवेंद्राश्रम महाराज, विमर्शानंद जी, श्रीधर जी, सरजूदास महाराज एवं श्याम सुंदर महाराज का सानिध्य रहेगा। संतों ने कहा कि श्री नवाह्न परायण पाठ से मन को शांति, समर्पण और आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होती है तथा मानसिक स्थिरता बढ़ती है।

पोस्टर विमोचन के अवसर पर बलभद्र व्यास, सुरेश कोठारी, कांशीराम माली, किशन आसोपा, रामकिशन व्यास, नरेश पुरोहित, ओमजी, नितिन आसोपा, सुरेंद्र, विक्रम पुरोहित, चंद्रशेखर श्रीमाली सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *