विश्व शांति व सामाजिक समरसता के लिए 12 अप्रैल को रुद्राभिषेक व भैरव पूजन

 पुष्करणा समाज की अनूठी पहल

बीकानेर। देश-विदेश में बढ़ते वैमनस्य के माहौल के बीच विश्व शांति और मानवीय कल्याण के उद्देश्य से पुष्करणा समाज ने एक सराहनीय पहल की है। इसी कड़ी में 12 अप्रैल को स्थानीय ओझा सत्संग भवन में रुद्राभिषेक एवं भैरव पूजन का आयोजन किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए आयोजक देवीलाल उपाध्याय ने बताया कि रविवार सुबह 7 बजे रुद्राभिषेक प्रारंभ होगा, जिसमें 11 वेदपाठी आचार्यों के नेतृत्व में 50 से अधिक पंडित मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां देंगे। कार्यक्रम की पूर्णाहुति सुबह 11 बजे होगी, जिसके बाद महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य विश्व में शांति, सद्भाव और सामाजिक समन्वय की भावना को मजबूत करना है। इस आयोजन में शहर व ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 20 हजार से अधिक समाज बंधुओं के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम पूरी तरह सामाजिक है, इसका किसी भी प्रकार से राजनीति से कोई संबंध नहीं है।

इस अवसर पर कमल कल्ला ने कहा कि एक समाज की सकारात्मक पहल अक्सर पूरे समाज के लिए प्रेरणा बनती है और यह आयोजन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

कार्यक्रम में जुगलकिशोर ओझा, रमेश पुरोहित, हीरालाल हर्ष सहित कई वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। प्रेस वार्ता के दौरान निमंत्रण पत्र का विमोचन भी किया गया।

आयोजन से जुड़े श्याम देराश्री ने बताया कि शहर और गांवों में अलग-अलग टीमों के माध्यम से जनसंपर्क कर निमंत्रण दिया जा रहा है, वहीं सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रेस वार्ता के दौरान चुनाव लड़ने के सवाल पर देवीलाल उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य राजनीति में आना नहीं, बल्कि समाज की एकता, संस्कृति और परंपराओं को मजबूत करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों तक यह विरासत बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *