राजस्थान के मौसम में एक बार फिर बदलाव का दौर शुरू हो गया है। फरवरी शुरू होने के साथ जहां तापमान में बढ़ोतरी होने लगी थी। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के साथ ही राजस्थान में सर्दी का असर फिर से बढ़ने लगा है। इसकी वजह से प्रदेश के प्रमुख जिलों में रात के साथ दिन के तापमान में भी 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में बदलाव का यह दौर आगे भी जारी रहेगा। इसके साथ ही अगले 48 घंटों में उत्तरी राजस्थान में बादलों की आवाजाही के साथ एक बार फिर बारिश होने की सम्भावना है। दो दिन बाद 11 जिलों में बारिश की चेतावनी है।

इन शहरों में बारिश का अलर्ट
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राजस्थान में उत्तर-पूर्वी इलाकों में हुई हल्की बारिश के बाद मौसम में हल्की ठंडक बढ़ गई। वहीं, 22 फरवरी से प्रदेश के श्रीगंगानगर, चूरू, सीकर, भरतपुर, अलवर, दौसा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा, जयपुर और सवाई माधोपुर में बारिश की चेतावनी जारी की है। जिससे प्रदेश में एक बार फिर तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।

मौसम बदलने के साथ ही फिर से गिरने लगा तापमान
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रीय होने के साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज का दौर भी शुरू हो गया है। बीते 24 घंटो में प्रदेश के प्रमुख जिलों में रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, करीब आधा दर्जन जिलों में रात का तापमान 8 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। इसके साथ ही करीब डेढ़ दर्जन जिलों में रात का तापमान एक बार फिर से 10 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है। सुबह-शाम ठंडी हवाओं ने फिर से लोगों को हल्की सर्दी का अहसास करवा दिया है।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
बीती रात डूंगरपुर में 14 डिग्री के साथ सबसे गर्म रात दर्ज की गई। वहीं, 6.8 डिग्री के साथ करौली में सबसे सर्द रात दर्ज की गई है। जयपुर में बीती रात का तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
जबकि अजमेर 11.2 डिग्री, भीलवाड़ा 7.8 डिग्री, वनस्थली 10.6 डिग्री, अलवर 9.8 डिग्री, पिलानी 9.9 डिग्री, सीकर 8.5 डिग्री, कोटा 12.8 डिग्री, बूंदी 10.8 डिग्री, चित्तौड़गढ़ 8.3 डिग्री, डबोक 9.8डिग्री, बाड़मेर 14.8 डिग्री, जैसलमेर 13.5 डिग्री, जोधपुर 11.2 डिग्री, फलोदी 13.6 डिग्री, बीकानेर 12.9 डिग्री, चूरू 9.5 डिग्री, श्रीगंगानगर 11.6 डिग्री, धौलपुर 12.2 डिग्री, नागौर 10.4 डिग्री, 14 डिग्री, फतेहपुर 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।