(सुमित व्यास) बीकानेर। पीलीबंगा (हनुमानगढ़) में आयोजित किसान महापंचायत में कृषि विरोधी कानूनों के विरुद्ध अन्नदाताओं के अधिकारों की आवाज़ को कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी ने अपनी बुलंदता के साथ रखी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कृषि कानूनों का लक्ष्य देश के कृषि व्यवसााय को खत्म कर 40 फीसदी लोगों को बेरोजगार करना, देश के किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों का धंधा दो-तीन लोगों के हाथ में देना है। उसमे कृषि कानून मंडी खत्म करना, जमाखोरी को बढ़ावा देना व देश का अन्नदाता अदालत में नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि पहले कानून में कोई भी व्यक्ति देश में कहीं भी अनाज, फल और सब्जी खरीद सकता है तो फिर मंडी की क्या जरूरत रहेगी। इससे मंडी खत्म हो जाएगी। यह कानून मंडी मारने का कानून है। दूसरे कानून में किसान से कोई भी उधोगपति कितना भी अनाज, सब्जी और फल खरीद कर स्टॉक रख सकता है, इससे जमाखोरी शुरू होगी और तीसरे कानून में कोई भी किसान उधोगपति से अपनी उपज का सही दाम मांगेगा तो उसे अदालत में नहीं जाने दिया जाएगा।

इन तीनों कानूनों से छोटे व्यापारी, किसान और मजदूर बेरोजगार हो जाएंगे। राहुल गांधी अपने राजस्थान दौरे के पहले दिन शुरूवार को हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा में किसान महापंचायत को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम ने संसद में कहा कि यह सब हम किसानों के लिए कर रहे हैं अगर मोदी ने किसानों के लिए किया तो वे दिल्ली की सीमा पर क्यों खड़े हैं। अब तक 200 किसान शहीद क्यों हो गए। उन्होंने कहा कि इस देश की सरकार का चार लोग चलाते हैं हम दो और हमारे दो। देश में जो भी हो रहा है वो सिर्फ चार लोगों के लिए हो रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं हम किसानों से बात करने को तैयार हैं। लेकिन पहले तीनों कृष कानून रद्द करे और फिर किसान बात करने को तैयार है। कृषि कानूनों को रद्द किए बिना कोई बात नहीं होगी।राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है तीनों कृषि कानूनों को लागू नहीं होने दिया जाएगा, इन्हे रद्द करा कर ही मानेंगे। चीन की चर्चा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि चीन हमारे देश के अंदर आ गया, हमारे जवानों को शहीद किया। बृहस्पतिवार को केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह द्वारा संसद में कहा कि हमारा चीन से समझौता हो गया। समझौता यह हुआ कि मोदी ने हिंदुस्तान की पवित्र जमीन चीन को दे दी। मोदी चीन के सामने खड़े नहीं होंगे, किसानों के खिलाफ काम करेंगे। किसान, छोटे दूकानदार और मजदूर प्रधानमंत्री को अब अपनी शक्ति दिखाने जा रहा है। नोटबंदी और जीएसटी की चर्चा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इससे छोटे व्यापारी, मध्यम वर्ग को बड़ा नुकसान हुआ और बड़े उधोगपतियों के 1 लाख 50 हजार करोड़ का कर्ज माफ कर दिया गया। महापंचायत को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत,कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अजय माकन और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी.वेणुगोपाल,पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट व कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य रघुवीर मीणा, कांग्रेस के किसान नेता रामेश्वर डूडी सहित कई नेता मंचस्थ थे। मंच पर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने व्यवस्था संभाली।