चुनाव आयोग ने जारी की फाइनल वोटर लिस्ट
बीकानेर। राज्य में एसआईआर के बाद फाइनल वोटर रोल प्रकाशित कर दिया गया है। निर्वाचन विभाग की ओर से एसआईआर की प्रक्रिया के बाद 16 दिसंबर को पहला ड्राफ्ट रोल प्रकाशित किया गया। इसके बाद अगले एक महीने के समय में सभी लोग अपनी आपत्तियां दर्ज कर सकते हैं। ड्राफ्ट रोल प्रकाशन के बाद वोटर लिस्ट में 12 लाख 91 हजार 365 नाम जोड़े गए हैं। वहीं, 2 लाख 42 हजार 760 नाम हटाए गए हैं। यानी एसआईआर के ड्राफ्ट रोल प्रकाशन के बाद कुल 10 लाख 48 हजार 605 नाम जुड़े हैं।
प्रदेश में 27 अक्टूबर, 2025 को कुल मतदाता 5 करोड़ 46 लाख 56 हजार 215 थे। 16 दिसंबर को ड्राफ्ट सूची में 5 करोड़ 4 लाख 71 हजार 324 मतदाता थे। ड्राफ्ट सूची में से ASD के तहत कुल 41 लाख 84 हजार 891 नाम हटाए गए थे। अब प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 5 करोड़ 15 लाख 19 हजार 929 है। यानी प्रदेश में एसआईआर के दौरान 31 लाख 36 हजार 286 मतदाताओं के नाम कम हुए हैं।
मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में कुल मतदाताओं की संख्या 5,15,19,929 है. इनमें पुरुष 2 करोड़ 69 लाख 57 हजार 881, महिला 2 करोड़ 45 लाख 61 हजार 486 तथा 562 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।
प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अंतिम प्रकाशन में 10,48,605 मतदाताओं की वृद्धि हुई है, जो कि 2.08 प्रतिशत है। राज्य में जयपुर जिले में 3.45 प्रतिशत, फलौदी में 3.22 प्रतिशत, भरतपुर में 2.78 प्रतिशत, सिरोही में 2.72 प्रतिशत व बूंदी में 2.71 प्रतिशत कुल मतदाताओं में बढ़ोतरी हुई है।
बढ़े युवा मतदाता
प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अंतिम प्रकाशन में युवा मतदाताओं (18 से 19 वर्ष आयु वर्ग) की संख्या में 4 लाख 35 हजार 61 की बढ़ोतरी हुई है, जो कि 0.82 प्रतिशत है। राज्य में युवा मतदाताओं की संख्या में जयपुर जिले में 1.30 प्रतिशत, बाड़मेर में 1.26 प्रतिशत, भरतपुर में 1.22 प्रतिशत, फलौदी में 1.18 प्रतिशत तथा बूंदी में 1.09 प्रतिशत वृद्धि हुई है।
