श्रीगंगानगर, श्रीगंगानगर में दस ए की रोही माइनर में रविवार रात एक अधेड़ का शव मिला। मृतक दो दिन पहले घर से काम पर जाने का कहकर निकला था। लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजन भी तलाश कर रहे थे। मृतक के बेटे ने चूनावढ़ थाने में रिपोर्ट दी है। पुलिस ने नहर से शव को निकालकर मोर्चरी में रखवाया है। मृतक गांव सात ए सैकिंड के रहने वाले गुरदेव सिंह (55) पुत्र पूर्ण सिंह थे। वह एक शटरिंग स्टोर पर काम करते थे। मृतक के बेटे बिट्‌टू सिंह पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया गया कि उसका पिता आठ अक्टूबर को काम के लिए निकला था। शाम को वापस घर नहीं लौटने पर तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। ग्रामीणों ने गांव दस ए की रोही में नहर में शव देखा। पुलिस ने शव को बाहर निकाला। मृतक के पास मिले कागजों से उसकी पहचान हो पाई। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर पहचान की। बेटे का कहना है कि पिता कभी-कभार शराब पीते थे। नशे में ही माइनर में गिरने की संभावना है। पुलिस ने शव सरकारी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है। मौत के कारणों का पता नहीं लगा है।