धौलपुर। आधुनिक समाज में महिलाओं को आज भी दहेज के लिए मारा जा रहा है। ऐसी ही घटना का खुलासा राजस्थान के धौलपुर जिले में हुआ। यहां जिले के सैंपऊ क्षेत्र के लंगोट पुरा गांव में दहेज के लोभियों ने एक विवाहिता को मौत के घाट उतार दिया। महिला की मौत के बाद आरोपियों की ओर से सबूत को नष्ट करने के लिए गुपचुप तरीके से दाह संस्कार भी कर दिया।

विवाहिता के देवर की थी शादी
मिली जानकारी के अनुसार जिस घर में महिला की मौत हुई है , उस घर में आज की शादी थी। मृतका भूरो के देवर अचल सिंह की बारात जानी थी । वहीं इसी बीच महिला की मौत हो जाने के बाद खुशियों का माहौल मातम में बदल गई। इधर पीहर पक्ष महिला के परिवार पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगा रहा है। बताया जा रहा है कि घटना की सूचना पाकर पीहर पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद जब यहां उनकी बेटी के शव को चिता में जलता हुआ मिला। तो घटना से आक्रोशित लोगों ने जलती चिता से शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी तभी पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार और थाना अधिकारी भंवर सिंह व एएसआई विजेंद्र शर्मा ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लिया।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना को लेकर मृतका के पिता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार की ओर से मौके पर ही चिकित्सकों की टीम बुलाकर पोस्टमार्टम करा कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि असल मामला क्या है, ये तो रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। वहीं विवाहिता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी भूरो देवी की एक साल पहले ही लंगोटपुरा निवासी शिवराम से करवाई थी। मृतका के पिता महेंद्र सिंह ने तहरीर में बताया है कि उसने अपनी हैसियत के मुताबिक दहेज देकर हिंदू रीति रिवाज से शादी की थी। लेकिन ससुराल के लोग दहेज से संतुष्ट नहीं थे। जिसको लेकर वह उनकी बेटी को आए प्रताड़ित करते थे और आखिरकार उन्होंने आज उस को मौत के घाट उतार दिया।

विवाहिता के पिता ने लगाया आरोप: 
पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराली जन दहेज से संतुष्ट नहीं थे। जिसको लेकर वह उनकी बेटी को आए दिन दहेज की खातिर प्रताड़ित करते थे आखिरकार उन्होंने आज उस को मौत के घाट उतार दिया। घटना को लेकर पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार ने बताया कि मृतका का पति शिवराम जेल प्रहरी के पद पर वारा जिले में कार्यरत है। घटना के दौरान वह गांव में ही था। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा अनुसंधान करते हुए कार्यवाही शुरू कर दी है। जिस घर में महिला की मौत हुई है उस घर में आज शादी थी। महिला की मौत के बाद शादी वाले घर में खुशियां मातम में बदल गई है। आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए हैं जिससे शादी वाले घर में सन्नाटा पसरा हुआ है।