जोधपुर।जोधपुर में शादी समारोह में 5 गैस सिलेंडर में ब्लास्ट होने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दूल्हे, उसके माता-पिता समेत 60 लोग झुलस गए। 2 बच्चों की मौत हो गई। मामला शेरगढ़ के पास भूंगरा गांव में गुरुवार दोपहर सवा तीन बजे का है। यहां तख्त सिंह के घर में शादी समारोह था। घर से बारात रवाना होने वाली थी, तभी अचानक सिलेंडर फट गए। कलेक्टर हिमांशु गुप्ता भी हॉस्पिटल पहुंचे।डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल दिलीप कच्छावा ने बताया कि 60 लोग में से 51 लोगों को जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। इनमें 8 लोग 90 प्रतिशत से ज्यादा झुलसे हैं। 48 लोग वार्ड में एडमिट है, 1 बच्चा आईसीयू में है, 2 बच्चों की मौत हो गई है।जहां ये हादसा हुआ तब वहां काफी संख्या में बाराती मौजूद थे। झुलसे लोगों को शेरगढ़ लाया गया। यहां से कुछ लोगों को जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल के बर्न यूनिट में रेफर किया गया है। ग्रामीण एसपी अनिल कयाल ने बताया कि करीब 5 सिलेंडर फट गए थे।उन्होंने बताया कि खाना बनाते समय अचानक एक सिलेंडर में लीकेज हुआ और आग पकड़ ली। इसी दौरान वहां पास में मौजूद पांच सिलेंडर ने भी आग पकड़ ली और धमाके होने लगे। जहां सिलेंडर फटे वहां 100 के करीब लोग मौजूद थे।

जोधपुर अस्पताल प्रशासन अलर्ट
हादसे की सूचना मिलने के बाद जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल प्रबंधन को भी अलर्ट कर दिया गया था। शाम करीब साढ़े पांच बजे एक बाद एक पहुंचे घायलों से अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

सिलेंडर ब्लास्ट होकर महिलाओं के ऊपर गिरे
शादी समारोह के दौरान हॉल के एक चौक में महिलाएं बैठकर बातें कर रही थीं। इस दौरान एक सिलेंडर ब्लास्ट होकर महिलाओं के ऊपर गिरा। घायलों में महिलाओं की संख्या ज्यादा बताई जा रही है। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत और विधायक मनीषा पंवार, शेरगढ़ विधायक मीना कंवर भी अस्पताल पहुंची हैं।

खोखसर जानी थी बारात
शेरगढ़ के सुरेंद्र सिंह की गुरुवार को भूंगड़ा गांव से खोखसर बारात जानी थी। दूल्हे की बहन गवरी कंवर ने बताया कि हम शादी में शामिल होने आए थे। करीब 300 से ज्यादा लोग यहां शामिल हुए थे। बुधवार रात को ही सुरेंद्र सिंह के घी पिलाने की रस्म हुई थी। दोपहर में बारात जानी थी, लेकिन इससे पहले ही हादसा हो गया। इस हादसे में सुरेंद्र सिंह समेत उसके माता-पिता, बहन और बड़ी मां भी झुलस गए। परिजनों ने बताया कि शादी के लिए करीब 20 सिलेंडर लाए थे।