बीकानेर : ट्रक की टक्कर से पांच लोगों की हुई मौत,12 घायल, पढ़े खबर

बीकानेर, रामदेवरा (जैसलमेर) से रींगस (सीकर) जा रही क्रूजर एक ट्रक से भिड़ गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 12 लोग घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि क्रूजर के परखच्चे उड़ गए। 5 गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर किया गया। घटना गुरुवार देर रात 11:30 बजे नागौर जिले के जायल थाने की है। जानकारी के अनुसार क्रूजर सवार सभी यात्री रामदेवरा दर्शन के लिए आए थे। गुरुवार को दर्शन कर यह रींगस की तरफ जा रहे थे। तभी बुरडी फांटा के पास सामने से आ रही टुक ने टक्कर मार दी। ट्रक से भिड़ंत होते ही क्रूजर के परखच्चे उड़ गए। इनमें बैठे यात्री बुरी तरह फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने सुरपालिया थाने के पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद क्रूजर में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें से 5 ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। 12 घायलों को एंबुलेंस की मदद से नागौर के डेह अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें नागौर के जेएलएन अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इनमें 5 यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जोधपुर रेफर किया गया।हादसे में 7 साल के हेमराज समेत रुकमा (27), रोहिताश (25), फूलचंद (40) और कौशल्या (25) की मौत हो गई। विष्णुदत्त (50), सुआलाल (52), सजनी देवी (45), शंकरलाल (30), धापुदेवी (50), रविना (21), रविंद्र ( 12 ), कन्हैयालाल ( 6 ), योगना (30), राजेश (22), चौखीदेवी (65), रामवतार (25) घायल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *