बीकानेर। पापड़ भुजिया उद्योग संस्थान एवं भुजिया श्रमिक संघ के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए भुजिया निर्माण की दरों को लेकर सहमति बनी।
संस्थान के अध्यक्ष एवं बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के उपाध्यक्ष वेद प्रकाश अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि भुजिया बनाने की दर प्रत्येक दो वर्ष में निर्धारित की जाती है। इसी क्रम में नई दरों को लेकर निर्णय लिया गया।
निर्णय अनुसार 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2028 तक भुजिया निर्माण की नई दर लागू रहेगी। पहले प्रति इकाई (12 किलो मोगर) ₹183 निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर अब ₹198 प्रति इकाई कर दिया गया है।
बैठक सकारात्मक वातावरण और आपसी सहमति के साथ सम्पन्न हुई, जिससे उद्योग और श्रमिकों के बीच संतुलन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
